सी के पारे
भोपाल। राजधानी भोपाल के हमीदिया अस्पताल से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल की मोर्चरी के बाहर शव की सिलाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार बजरिया थाना पुलिस को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। शव की शिनाख्त नहीं होने के कारण उसे पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा गया था। बुधवार दोपहर डॉक्टरों द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गया।
बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम के बाद मोर्चरी के बाहर खुले में शव की सिलाई की जा रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है।
लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर में इस तरह खुलेआम शव की सिलाई करना मानवीय संवेदनाओं के खिलाफ है। मामले ने अस्पताल प्रशासन की व्यवस्थाओं और संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल अस्पताल प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग भी मामले की जांच में जुट गया है।