रायसेन। मेरा युवा भारत रायसेन (माय भारत) के तत्वावधान में जिला रायसेन में महात्मा गांधी वृद्धाश्रम में आयोजित “एक्सपीरिएंशियल लर्निंग प्रोग्राम” (ELP) के अंतर्गत युवाओं ने वृद्धजनों के जीवन, उनकी दिनचर्या एवं भावनात्मक परिस्थितियों को निकटता से समझने का अवसर प्राप्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में सेवा भाव, संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी युवाओं ने वृद्धाश्रम के निवासियों से संवाद किया, उनके जीवन अनुभवों को सुना तथा उनके साथ समय व्यतीत कर आत्मीयता का अनुभव किया। युवाओं ने वृद्धजनों की दैनिक आवश्यकताओं, स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों एवं मानसिक स्थिति को समझते हुए उनके प्रति सम्मान और सहानुभूति व्यक्त की।

इस अवसर पर युवाओं को यह संदेश दिया गया कि समाज में बुजुर्गों का सम्मान एवं उनकी देखभाल हमारी सांस्कृतिक एवं नैतिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में सहभागिता के पश्चात युवाओं ने बताया कि इस अनुभव ने उनके सोचने के दृष्टिकोण में सकारात्मक परिवर्तन लाया है तथा उनमें सेवा भावना और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता बढ़ी है।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार मेरा युवा भारत रायसेन के मार्गदर्शन में संचालित इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को समाज के विभिन्न वर्गों से जोड़कर राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।