सी के पारे
भोपाल। अभिनव कला परिषद एवं मधुबन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 56वें गुरु वंदना महोत्सव का शुभारंभ शनिवार शाम मानस भवन में गरिमामय वातावरण में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत संदीपा दिनेश पारे द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण स्वागत गीत एवं सरस्वती वंदना से हुई, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके पश्चात सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। महोत्सव में भारतीय कला, साहित्य, संस्कृति एवं अध्यात्म के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली आठ विभूतियों को श्रेष्ठ कला आचार्य अलंकरण से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में सुदेश शांडिल्य महाराज, यतीन्द्रनाथ राही, जगदीश कौशल, कालूराम बामनिया, शोभा चौधरी, देवलाल पाटीदार, विनय उपाध्याय तथा रश्मि मजूमदार शामिल रहे।
कार्यक्रम में शहर की अनेक गणमान्य हस्तियों, कलाकारों, साहित्यकारों एवं कला प्रेमियों की उपस्थिति रही। बड़ी संख्या में दर्शकों ने समारोह में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।