सी के पारे
भोपाल। महान पार्श्वगायक किशोर कुमार की जयंती के अवसर पर आयोजित संगीतमय कार्यक्रम “छूकर मेरे मन को…” शनिवार शाम रवींद्र भवन, भोपाल में अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। के.के.एफ.सी. म्यूजिक इंडिया एवं किशोर कुमार फैन क्लब द्वारा आयोजित इस विशेष संध्या में शहर के कई प्रतिष्ठित कलाकारों ने किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण युवा गायक उत्सव पारे रहे, जिन्होंने अपनी सुरीली आवाज और शानदार प्रस्तुति से उपस्थित श्रोताओं का दिल जीत लिया। उनकी गायकी को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
संगीतमयी शाम में शहर के अन्य गायक-गायिकाओं ने भी मधुर प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। रवींद्र भवन का सभागार देर शाम तक किशोर कुमार के अमर गीतों से गूंजता रहा और संगीत प्रेमियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।
आयोजकों ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इसे सफल बनाने के लिए सभी संगीत प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। यह संध्या किशोर कुमार को संगीतमयी श्रद्धांजलि के रूप में लंबे समय तक याद की जाएगी।