कांग्रेस में अनुशासनहीनता की कार्रवाई पर बनी विवाद की स्थिति, जिला अध्यक्ष के लेटर पैड पर नोटिस से उठे सवाल
– शिवपुरी कांग्रेस में गुटबाजी आई सामने, दो पदाधिकारियों पर कार्रवाई से मचा बवाल
– अनुशासन समिति के दो सदस्यों की गैरहाजिरी से कारवाई सवालों के घेरे में, भोपाल तक पहुंचा मामला
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी जिले में कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी एक बार फिर सामने आ गई है। किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम रावत और किसान कांग्रेस के ही कोलारस ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र शिवहरे पर अनुशासनहीनता के आरोप में की गई कार्रवाई अब विवादों में घिर गई है। इस मामले को लेकर पार्टी में खेमेबंदी की चर्चा तेज हो गई है।
मामला कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहित अग्रवाल द्वारा जारी कार्रवाई से जुड़ा है। आरोप है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते दोनों पदाधिकारियों को अनुशासनहीनता का नोटिस जारी किया गया। लेकिन इस प्रक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
सूत्रों के अनुसार अनुशासन समिति का गठन और संगठन महामंत्री संजय चतुर्वेदी द्वारा जारी नोटिस दोनों ही कांग्रेस जिला अध्यक्ष के लेटर पैड पर किए गए। नियमानुसार संगठन महामंत्री को अपना अलग लेटर पैड इस्तेमाल करना चाहिए था। जिला अध्यक्ष के पत्र पर संगठन महामंत्री के हस्ताक्षर से जारी नोटिस को लेकर पार्टी के भीतर असंतोष है।
विवाद तब और गहरा गया जब अनुशासन समिति द्वारा की गई कार्रवाई पर समिति के दो सदस्यों अरुण प्रताप सिंह चौहान और भरत सिंह रावत के हस्ताक्षर नहीं पाए गए। समिति की बैठक में दोनों सदस्यों की अनुपस्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। इसी आधार पर की गई कार्रवाई को अब वैधता को लेकर संदेह के घेरे में देखा जा रहा है।
इस पूरे मामले ने शिवपुरी से लेकर भोपाल तक कांग्रेस के गलियारों में चर्चा छेड़ दी है। पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि यह कार्रवाई अनुशासन के नाम पर आपसी खेमेबंदी का नतीजा है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि पार्टी में अनुशासन जरूरी है, लेकिन प्रक्रिया का पालन न होने से मामला विवादित हो गया है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मोहित अग्रवाल की यह कार्रवाई विवादों में घिर गए हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है इस पूरे मामले में पार्टी के कुछ नेताओं के द्वारा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को भी इसकी शिकायत दर्ज कराई गई है। अब देखना होगा कि प्रदेश नेतृत्व इस मामले में क्या रुख अपनाता है।