20-22 दिनों में तय करेंगे दूरी
मनोज बैरागी सरदारपुर धार
राजस्थान के रुणिचा स्थित प्रसिद्ध लोक देवता बाबा रामदेव के दर्शनों के लिए मंगलवार को ग्राम टांडाखेड़ा से श्रद्धालुओं का एक जत्था पैदल यात्रा पर रवाना हुआ। इस जत्थे में गांव के 20 उत्साही युवा शामिल हैं, जो बाबा की विशाल ध्वजा (नेजा) लेकर लगभग 1200 किलोमीटर लंबी पैदल यात्रा तय करेंगे।
धार्मिक अनुष्ठान और ग्रामीणों ने दी विदाई
यात्रा की शुरुआत से पूर्व श्रद्धालुओं ने गांव के देव स्थानों और बाबा रामदेव मंदिर में विशेष आरती व पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद ग्रामीणों ने नाचते-गाते, ढोल-नगाड़ों के साथ यात्रियों को भव्य विदाई दी। जगह-जगह श्रद्धालुओं का फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया।
वर्षों पुरानी परंपरा और अटूट आस्था
ग्राम टांडाखेड़ा से हर वर्ष यह पैदल यात्रा निकाली जाती है। अब तक गांव के सैकड़ों भक्त इस कठिन पदयात्रा को पूरा कर बाबा रामदेवरा के दर्शन कर चुके हैं।