मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड अंतर्गत ग्राम अंबाडी में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत अयोध्या धाम मंदिर के समीप जनसहयोग से विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नाले की साफ-सफाई कर ग्रामीणों को स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश दिया गया। यह कार्य समाजसेवी गजेंद्र चौकसे के सहयोग से संपन्न हुआ।
ग्रामीणों ने बताया कि नाले के समीप से गांव की पेयजल सप्लाई पाइपलाइन गुजर रही है, वहीं पास से नालियों का गंदा पानी बह रहा था, जिससे जल प्रदूषण और गंदगी फैलने की आशंका बनी हुई थी। इसके अलावा नल-जल योजना की पाइपलाइन में लीकेज होने से स्थिति और गंभीर हो रही थी। समस्या को देखते हुए स्थानीय स्तर पर जनसहयोग से सफाई अभियान चलाया गया और नाले की गंदगी हटाई गई।
अभियान में अंबाडी सरपंच प्रतिनिधि रमेश कुमार, सहायक सचिव पंकज बेदी सहित गांव के कई ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने स्वच्छता बनाए रखने और जल स्रोतों को सुरक्षित रखने की अपील करते हुए लोगों को जागरूक किया।