– रायसेन और विदिशा की 11 खिलाड़ियों ने दिलाई ऐतिहासिक जीत, पूरे प्रदेश में बढ़ाया जिले का मान
गैरतगंज रायसेन। मातृ दिवस के अवसर पर रायसेन और विदिशा जिले की महिला शिक्षिकाओं ने खेल मैदान में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में अपना परचम लहरा दिया। 12वीं राज्य स्तरीय स्कूल शिक्षा विभागीय खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 के अंतर्गत आयोजित महिला कबड्डी प्रतियोगिता में भोपाल संभाग की टीम ने खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। यह प्रतियोगिता 8 से 10 मई तक पचमढ़ी में आयोजित की गई।

इसमें भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर, रीवा, जबलपुर, उज्जैन, सागर, चंबल सहित आदिम जाति कल्याण विभाग की टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में भोपाल संभाग ने नर्मदापुरम संभाग को पराजित कर राज्य स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। इस जीत में रायसेन और विदिशा जिले की खिलाड़ियों की निर्णायक भूमिका रही। विजेता टीम में रायसेन जिले की 6 और विदिशा जिले की 5 महिला खिलाड़ी शामिल थीं। रायसेन जिले की खिलाड़ी किरण पाठक (माध्यमिक शिक्षक, बेगमगंज), रमा मालवीय (प्राथमिक शिक्षक), सरोज शर्मा (प्राथमिक शिक्षक), उपासना दुबे (माध्यमिक शिक्षक), आशा पवार (माध्यमिक शिक्षक), प्रमिला शर्मा (प्राथमिक शिक्षक) शामिल रहीं। वहीं विदिशा जिले की खिलाड़ी सुजाता खांडेकर (प्राथमिक शिक्षक), इरफाना बानो (प्राथमिक शिक्षक), अंजलि माथुर (प्राथमिक शिक्षक), निशा नामदेव (प्राथमिक शिक्षक), शबाना खान (प्राथमिक शिक्षक) शामिल थीं। महिला खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय देते हुए यह साबित कर दिया कि महिलाएं हर क्षेत्र में सफलता का नया इतिहास रच रही हैं। मातृ दिवस पर मिली यह उपलब्धि रायसेन और विदिशा जिले के लिए गौरव और सम्मान का विषय बन गई है। इस शानदार सफलता पर जिला शिक्षा अधिकारी डी.डी. रजक, जिला खेल अधिकारी रानी स्वरूपा सोंगा, संबंधित प्राचार्यों, प्रशिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।