शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
देश को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा ‘मिशन स्पंदन’ के माध्यम से बेगमगंज तहसील में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत ब्रह्माकुमारी मेघा बहन एवं बीएल शर्मा ने नशामुक्ति अभियान की कमान संभाली है।
15 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में उपजेल के कैदियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं बेहतर जीवन जीने का संकल्प दिलाया गया। इस पहल का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्परिणामों से जागरूक करना और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी बढ़ाना है।

‘मिशन स्पंदन’ के अंतर्गत नगर के स्कूलों, सामाजिक संस्थाओं तथा शासकीय एवं अर्द्धशासकीय कार्यालयों में भी नियमित रूप से नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को नशे से होने वाले सामाजिक, शारीरिक और पारिवारिक नुकसान के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के तहत राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर ध्वजारोहण के बाद आयोजित जनसभा में भी नागरिकों को भारत को सशक्त बनाने और नशे से दूर रहने की प्रतिज्ञा दिलाई गई। नशामुक्त समाज के निर्माण की इस पहल को बेगमगंज के विभिन्न वर्गों का सहयोग और सराहना मिल रही है।
गौरतलब है कि भारत में 10 करोड़ लोगों को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ चल रहे इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। बेगमगंज तहसील में ब्रह्माकुमारी मेघा बहन और बीएल शर्मा के नेतृत्व में चल रहे ‘मिशन स्पंदन’ से समाज के विभिन्न वर्ग जुड़ रहे हैं।