ऊर्जा मंत्री की प्रभार वाले जिले में बिजली सप्लाई का बुरा हाल , आंधी से पहले ही सप्लाई रोकी, मौसम खुलने के बाद भी 40% शहर अंधेरे में रहा
– रविवार शाम भी बिना हवा-पानी के गुल रही लाइट
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री के प्रभार वाले शिवपुरी जिले में बिजली कंपनी का बुरा हाल गई।शनिवार दोपहर 12 बजे काले बादल दिखते ही शहर की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। इसके 15 मिनट बाद तेज आंधी आई। आंधी से शहर में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर पेड़ उखड़कर गिर गए। नगरपालिका व प्रशासन ने तुरंत जेसीबी से रास्ते साफ कर दिए।
आधे घंटे में आसमान साफ हो गया और तेज धूप निकल आई। भीषण गर्मी लौटते ही लोग परेशान हो गए, लेकिन आंधी से पहले बंद की गई बिजली शहर के कई इलाकों में रातभर नहीं आई। आधी रात तक करीब 40% शहर बिना बिजली के रहा। उमस के कारण पंखे बंद होते ही लोग पसीने से नहा गए।
रविवार को भी सुबह से बिजली की आंख-मिचौली चलती रही। शाम 4 बजे पोहरी की तरफ से काले बादल आए तो पोहरी रोड, बस स्टैंड, मनियर, फतेहपुर, बायपास की सप्लाई तुरंत बंद कर दी गई। बादल धीरे-धीरे छंट गए, पेड़ भी शांत थे, लेकिन बिजली चालू नहीं की गई। डेढ़ घंटे बाद साढ़े 5 बजे आई लाइट 6 बजे फिर चली गई।
शहरवासियों का कहना है कि आंधी से पहले सप्लाई बंद करना ठीक है, लेकिन मौसम खुलने के बाद तार जोड़ने में आधी रात क्यों लगी? ऊर्जा मंत्री व प्रभारी मंत्री से लोगों ने भीषण गर्मी में निर्बाध बिजली देने की मांग की है। पहले पानी बंद और अब बिजली गुल होने से जनता बेहाल है।