रामभरोस विश्वकर्मा, मंडीदीप रायसेन
शासकीय माध्यमिक शाला कुमड़ी, संकुल केंद्र बरखेड़ा स्टेशन में पदस्थ प्राथमिक शिक्षिका श्रीमती प्रेमलता दुबे गुरुवार को 28 वर्षों के गौरवशाली सेवाकाल के बाद सेवानिवृत्त हो गईं। एक ही शाला में निरंतर सेवा देते हुए उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया, जो आने वाले शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

सेवानिवृत्ति के अवसर पर आयोजित विदाई समारोह भावनाओं से सराबोर रहा। संकुल केंद्र, जनशिक्षा केंद्र के अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामवासियों ने गाजे-बाजे के साथ उन्हें विदाई दी। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों की आंखें नम हो गईं, जो उनके प्रति सम्मान और स्नेह का प्रतीक था।
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसीसी कार्यालय तामोट, बरखेड़ा स्टेशन एवं बाँसक्वार संकुल के प्राचार्य, जनशिक्षा केंद्र के प्रतिनिधि, विभिन्न संकुलों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, गणमान्य नागरिक तथा छात्र-छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह में वक्ताओं ने श्रीमती दुबे के आदर्श सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके नेतृत्व, अनुशासन और समर्पण को सदैव याद किया जाएगा।
कार्यक्रम का सफल संचालन संकुल के शिक्षक दिलीप भार्गव एवं वीरेंद्र मेहरा द्वारा किया गया। अंत में उपस्थित सभी जनों ने श्रीमती प्रेमलता दुबे के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।