मूंग समर्थन मूल्य और सरकारी खरीदी की मांग पर किसानों का प्रदर्शन,प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे
रूपेश मेहरा उदयपुरा/बरेली रायसेन
मूंग फसल के समर्थन मूल्य और सरकारी खरीदी की मांग को लेकर किसानों का गुस्सा खुलकर सामने आया। अपनी मांगों को लेकर बड़ी संख्या में किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया और शासन-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। किसानों का कहना है कि मूंग फसल की सरकारी खरीदी शुरू नहीं होने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जबकि समर्थन मूल्य पर खरीदी की मांग लंबे समय से की जा रही है।

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने ट्रैक्टरों के साथ रैली निकालते हुए अपनी मांगों को प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया। किसानों का आरोप है कि समय पर सरकारी खरीदी नहीं होने से उन्हें बाजार में कम कीमत पर अपनी उपज बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि शासन जल्द से जल्द मूंग की समर्थन मूल्य पर खरीदी की प्रक्रिया शुरू करे, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। बरेली ओर उदयपुरा एसडीएम, एसडीओपी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे और किसानों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। प्रशासन द्वारा किसानों की मांगों और समस्याओं को उच्च स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया गया है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है, लेकिन किसान अपनी मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।