जलसंवर्धन योजना की समीक्षा, पुरनिया तालाब विकास और गीता भवन निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
देवेंद्र तिवारी सांची, रायसेन
भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट से जूझ रहे नगर के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। नगरीय प्रशासन के सहायक आयुक्त दिव्यांक सिंह ने शुक्रवार को सांची नगर का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलसंवर्धन योजना का कार्य शीघ्र पूरा कर 20 दिनों के भीतर जलापूर्ति शुरू की जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर जलसंवर्धन योजना की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान सहायक आयुक्त ने पुरनिया तालाब क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए सीएमओ को निर्देश दिए कि यहां लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से समग्र विकास योजना तैयार कर शीघ्र प्रस्ताव भेजा जाए, जिससे नागरिकों और किसानों को लाभ मिल सके।

इसके साथ ही रेशम केंद्र की भूमि पर गीता भवन निर्माण के लिए भी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जलसंवर्धन परियोजना प्रबंधक सुबोध जैन, ईएनसी आनंद सिंह, सीएमओ रामलाल कुशवाह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर परिषद सी एम ओ ने सहायक आयुक्त को नगर की समस्याओं से अवगत कराते हुए बताया कि बढ़ती गर्मी के कारण जलस्तर गिर रहा है और पेयजल संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने जलसंवर्धन योजना के 6 वर्षों से लंबित होने पर चिंता जताई।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
“हमने सहायक आयुक्त से जलापूर्ति शीघ्र शुरू कराने और नगर के विकास कार्यों पर चर्चा की है। उन्होंने सकारात्मक आश्वासन दिया है।”
सीएमओ
“जलसंवर्धन योजना का कार्य तेजी से पूरा कर 20 दिनों में जलापूर्ति शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पुरनिया तालाब के लिए 20 करोड़ की योजना तैयार करने को कहा गया है।”
दिव्यांक सिंह, सहायक आयुक्त:
अब 20 दिन की समयसीमा पर टिकी उम्मीदें—राहत मिलेगी या फिर बढ़ेगा इंतजार, यही सबसे बड़ा सवाल है।