-नई नीति पर राज्य स्तरीय कार्यशाला संपन्न
भोपाल।मप्र की नई दिव्यांगजन नीति निर्माण हेतु गुरुवार को राजधानी भोपाल में विषय विशेषज्ञों और सिविल सोसायटी के साथ राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
होटल पलाश में आयोजित इस कार्यशाला में प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा ,आयुक्त सामाजिक न्याय केजी तिवारी,आयुक्त दिव्यांगजन डॉ अजय खेमरिया, उपाध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन संस्थान प्रो राजीव दीक्षित,राष्ट्रीय सलाहकार बोर्ड के सदस्य भूषण पुनियानी साइट सेवर्स संस्था डीपीओ जतिन तिवारी ने सहभागिता की।
इन दिनों प्रदेश में नई दिव्यांगजन नीति बनाने का काम आयुक्त दिव्यांगजन कार्यालय द्वारा किया जा रहा।इसी क्रम में आज यह राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई थी।
मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा ने बताया कि प्रदेश में दिव्यांगजन अधिनियम 2016 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए न केवल प्रभावी कदम उठाए गए हैं बल्कि नवाचार भी अनुकरणीय है।सरकार ने राज्य निधि की शुरुआत की है।
विषय विशेषज्ञ डॉ भूषण पुनियानी ने कहा कि मप्र में दिव्यांगजन सशक्तिकरण के प्रयास सराहनीय है।उन्होंने नई नीति निर्माण में समावेशन और सहभागिता पर खास जोर दिया।प्रो राजीव दीक्षित ने कहा कि नीतियां संवेदना और वास्तविक जरूरतों के मुताबिक डिजाइन की जाना चाहिए।
साइटसेवर्स संस्था के डीपीओ जतिन तिवारी ने दिव्यांगजन अधिकार कानून के दस साल पूर्ण होने पर इसके मूल्यांकन की आवश्यकता पर जोर दिया।
आयुक्त दिव्यांगजन डॉ अजय खेमरिया ने बताया कि कार्यशाला में इस बात को प्रमुखता से उठाया कि नीति और कानून समाज के अंतिम छोर पर खड़े हितग्राहियों के वास्तविक प्रतिनिधित्व पर केंद्रित होना चाहिए।उन्होंने कहा कि एक दशक में कानून का क्रियान्वयन विकसित भारत 2047 की उम्मीद जगाता है लेकिन समावेशन के लिए चुनौतियों से भी निबटने की आवश्यकता है।उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में सशक्तिकरण प्रयासों का ब्यौरा भी रखा।
कार्यशाला में पांच अलग अलग सत्र में दिव्यांगता से जुड़े पक्षों पर चर्चा की गई।
कार्यशाला में कटनी के ब्रजकिशोर पाल, आजीविका मिशन से ओमप्रकाश, सहायक संचालक सुरेश कुमार कुशवाहा, नीति आयोग की प्रतिनिधि कोमल मिश्रा,राजेन्द्र कोरी कटनी,प्रीति सोनी भोपाल,अजमेर पाल शिवपुरी, आर जी सोनी खंडवा,राज्य शिक्षा केन्द्र से प्रमोद कुशवाहा समेत अन्य प्रतिनिधियों ने बहुमुल्य सुझाव दिए।
कार्यशाला के अंतिम सत्र को केंद्रीय दिव्यांगजन आयुक्त एस गोविंद राजू ने मप्र आयुक्त डॉ अजय खेमरिया के साथ वर्चुअल मोड़ पर संबोधित करते हुए दिव्यांगजन कानून से जुड़े व्यवहारिक पक्षों को रेखांकित किया।कार्यशाला का संयोजन साइट्स सेवर्स की ताशा महंता ने किया आभार प्रदर्शन मीनाक्षी पटेल ने किया।