शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
ब्राह्मण महासभा बेगमगंज सुल्तानगंज के तत्वाधान में रविवार को भगवान परशुराम प्रकटोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में विप्र बंधुओं सहित विभिन्न समाजों के लोगों ने सहभागिता की।

शोभायात्रा दशहरा मैदान स्थित बाबा रामदास आश्रम से प्रारंभ होकर नया बस स्टैंड, महाराणा प्रताप रोड, शिवाला चौक, गांधी बाजार होते हुए पुराना बस स्टैंड और नगर पालिका के सामने से गुजरते हुए पुनः दशहरा मैदान पहुंची। यात्रा के दौरान भगवान परशुराम के चित्र को सुसज्जित विमान में विराजित कर निकाला गया, जहां मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पूजा-अर्चना के साथ जलपान की भी व्यवस्था की गई।

शोभायात्रा में शामिल विप्र बंधु पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। उनके मस्तक पर त्रिपुंड सजा हुआ था, वहीं कई युवा हाथों में भगवान परशुराम का अस्त्र ‘फरसा’ धारण किए हुए चल रहे थे। “जय परशुराम”, “जय दादा परशुराम” के जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। इस दौरान बुंदेलखंड की प्रसिद्ध रमतूला बैंड पार्टी शोभायात्रा का विशेष आकर्षण रही, जिसकी धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
दशहरा मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ जनों ने उद्बोधन देते हुए आने वाली पीढ़ी को संस्कारित करने पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं को जनेऊ धारण करने, चोटी रखने और तिलक लगाने जैसी परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष जय गोविंद दुबे, पवन दुबे, पंडित बसंत शर्मा, मीडिया प्रभारी राजीव दुबे, सत्यजीत दुबे देव दुबे एडवोकेट राहुल तिवारी डॉ शरद शर्मा सौरभ शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ,नपा अध्यक्ष संदीप लोधी, नपा उपाध्यक्ष सुदर्शन घोषी और क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने अपने उद्बोधन में समाज की एकता और धार्मिक मूल्यों को सहेजने पर बल दिया।
इस अवसर पर ब्राह्मण समाज के साथ-साथ अन्य समाज के मेधावी छात्रों को भी सम्मानित किया गया। 10वीं और 12वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंच से सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। वहीं जनप्रतिनिधियों ने समाज की धर्मशाला एवं मंदिर निर्माण में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।