संभाग स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता संपन्न, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी राज्य स्तर के लिए चयनित
रायसेन। 12वीं स्कूल विभागीय खेल प्रतियोगिता 2026 के अंतर्गत संभाग स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन जिला स्टेडियम रायसेन के इंडोर हॉल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता में भोपाल, विदिशा, सीहोर, राजगढ़ एवं रायसेन जिलों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर कई खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। चयनित खिलाड़ियों में मनोज पाठक (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तुलसीपार), शैलेंद्र राजपूत (शासकीय हाई स्कूल मूडला चावल), मोहम्मद तारीक (सांदीपनि विद्यालय सिलवानी), कुंदन नादन (भोपाल), अमित श्रीवास्तव (उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वीरपुर), शेख रसूल (सिलवानी), शिवम रघुवंशी (सांदीपनि विद्यालय देवरी), ताहिर (भोपाल), मीना पांडे (उत्कृष्ट विद्यालय रायसेन), सुरतीक्षा शर्मा एवं संध्या शर्मा (भोपाल) शामिल हैं। ये सभी चयनित खिलाड़ी आगामी 1 मई को छतरपुर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट कौशल का परिचय दिया। आयोजकों एवं खेल अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। स्थानीय खेल प्रेमियों ने भी खिलाड़ियों की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को निखारने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं।