सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
लोधी समाज द्वारा अमर शहीद वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी के बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को एक विशाल “संकल्प यात्रा, श्रद्धांजलि सभा एवं महासम्मेलन” का आयोजन किया गया। इस भव्य आयोजन ने न केवल सामाजिक एकता की मिसाल पेश की, बल्कि आगामी आंदोलनों और कार्यक्रमों के लिए समाज का संकल्प भी दोहराया।
कार्यक्रम का भव्य आगाज़ पाठा मंदिर से ‘संकल्प यात्रा’ के रूप में हुआ। यह यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई ब्लॉक ग्राउंड स्थित जैन धर्मशाला पहुँची। यात्रा में सिलवानी-बेगमगंज विधायक एवं कांग्रेस जिला अध्यक्ष देवेन्द्र पटेल विशेष रूप से शामिल हुए।
वीरांगना रानी अवंती बाई के जयकारों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा, जो समाज की अटूट आस्था और एकजुटता का प्रतीक बना। जैन धर्मशाला में आयोजित महासम्मेलन के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं अखिल भारतीय लोधी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष जालम सिंह लोधी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने शिरकत की। मंच पर नगर पंचायत अध्यक्ष जिनेश सिंघई, देवनगर मंडल अध्यक्ष वीर सिंह लोधी हरीश लोधी, मंजू लोधी, और जिला पंचायत सदस्य मोहित लोधी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने वीरांगना के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया।
’
चलो भोपाल’: 28 अप्रैल को सौर्य दिवस का आह्वान
महासम्मेलन को संबोधित करते हुए जालम सिंह लोधी ने समाज को आगामी 28 अप्रैल को भोपाल पहुंचने का न्योता दिया। उन्होंने बताया कि राजा हृदय शाह लोधी के बलिदान दिवस को “सौर दिवस” के रूप में भव्य स्तर पर मनाया जाएगा। विधायक प्रीतम सिंह लोधी और अन्य वक्ताओं ने भी इस कार्यक्रम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। स्थानीय नेताओं, राजेंद्र लोधी और इंद्र कुमार लोधी ने घोषणा की कि गैरतगंज से समाज का एक बड़ा हुजूम भोपाल कूच करेगा।
प्रतिमा और धर्मशाला की मांग
सम्मेलन के दौरान समाज ने अपनी दो पुरानी मांगों को लेकर कड़ा रुख अख्तियार किया जिसमे रानी अवंती बाई की प्रतिमा की स्थापना एवं समाज के लिए एक सर्वसुविधायुक्त धर्मशाला का निर्माण की मांग की गई।
नेताओं ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अब इन मांगों के लिए केवल निवेदन नहीं किया जाएगा, बल्कि इसे एक आक्रामक संघर्ष का रूप दिया जाएगा जब तक कि मांगें पूरी नहीं हो जातीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संरक्षक रामबाबू लोधी के मार्गदर्शन में अर्जुन सिंह लोधी, लक्ष्मण सिंह लोधी, राजेंद्र लोधी, इंद्र कुमार लोधी, चरण सिंह लोधी, शंकर पटेल, कपिल लोधी, गुलाब सिंह लोधी, सुखदेव लोधी एवं मनोज लोधी (सरपंच, डूंगरिया) का विशेष योगदान रहा।