– इंजीनिरिंग स्नातक कर सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
सीबीएसई बोर्ड की हाईस्कूल (10वीं) परीक्षा में पीएमश्री नवोदय विद्यालय बाड़ी के छात्र नक्ष नायक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। नक्ष ने 96.2 प्रतिशत अंक अर्जित कर नाम रोशन किया है। नक्ष नायक गैरतगंज के वरिष्ठ समाजसेवी एवं शिक्षाविद मनोज नायक और प्रीति नायक के सुपुत्र हैं। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता के पीछे कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। नक्ष की इस उपलब्धि से उनके परिवार, विद्यालय एवं पूरे गैरतगंज क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण और सहपाठियों ने नक्ष को इस सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। नवोदय विद्यालय परिवार ने इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। नक्ष नायक ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों और माता-पिता को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग के बिना यह संभव नहीं था। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य भविष्य में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद सिविल सेवा में जाना है, जिसके लिए वे अभी से तैयारी में जुटे हुए हैं। नक्ष की इस सफलता ने क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का कार्य किया है।