सुरेंद्र जैन धरसीवा
रायपुर–बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-130) पर यात्रियों की सुरक्षा, त्वरित सहायता एवं सुचारु यातायात सुनिश्चित करने हेतु कंसैशनायर द्वारा विभिन्न प्रभावी एवं तकनीकी पहलें लागू की गई हैं।
NHIT सदर्न प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा परियोजना पर निरंतर निगरानी रखते हुए निम्नलिखित व्यवस्थाएँ सुदृढ़ रूप से संचालित की जा रही हैं:
1. इंसीडेंट मैनेजमेंट सेवाओं की तैनाती
परियोजना के अंतर्गत तीन टोल प्लाज़ा—तरपोंगी, भोजपुर एवं मुढीपार—पर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक टोल प्लाज़ा पर 02 रूट पेट्रोलिंग वाहन (RPV), 02 क्रेन एवं 02 एम्बुलेंस 24×7 तैनात की गई हैं। इसके अतिरिक्त तरपोंगी टोल प्लाज़ा पर एक टो-अवे क्रेन की भी व्यवस्था की गई है।
इंसीडेंट मैनेजमेंट (IM) टीम द्वारा हाईवे की सतत निगरानी की जा रही है, जिसमें फंसे हुए वाहनों को सहायता प्रदान करना, मीडियन एवं मुख्य कैरिजवे से आवारा पशुओं को हटाना तथा राइट ऑफ वे (ROW) की सुरक्षा सुनिश्चित करना शामिल है।
2. त्वरित प्रतिक्रिया एवं पशु नियंत्रण व्यवस्था
IM टीम द्वारा मीडियन एवं कैरिजवे से पशुओं को समयबद्ध तरीके से हटाया जा रहा है। परियोजना मार्ग पर किसी भी प्रकार की घटना होने पर निर्धारित प्रतिक्रिया समय के भीतर तत्काल कार्यवाही कर यातायात में न्यूनतम बाधा एवं अधिकतम सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
3. संवेदनशील स्थलों पर निवारक सुरक्षा उपाय
पशु-प्रवण एवं दुर्घटना-प्रवण क्षेत्रों की पहचान कर वहाँ अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं, जिनमें चेतावनी संकेतक (साइनबोर्ड), रंबल स्ट्रिप्स, सोलर स्ट्रीट लाइट्स, डेलिनेटर्स, सोलर रोड स्टड्स, बांस पीजीआर (Pedestrian Guard Rail) एवं रोड मार्किंग शामिल हैं, जिससे दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा में वृद्धि हो रही है।
4. सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान
परियोजना द्वारा 1 से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस दौरान हेलमेट वितरण, स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर, रक्तदान शिविर, सुरक्षा जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक, मॉक ड्रिल, ‘सुरक्षा रथ’ के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता तथा विद्यालय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन प्रयासों के लिए परियोजना को छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया, जिसे PIU-बिलासपुर के परियोजना निदेशक द्वारा प्राप्त किया गया।
5. ATMS उपकरणों की स्थिति
हैंडओवर के समय उपलब्ध ATMS प्रणाली अत्यंत खराब एवं पूर्णतः निष्क्रिय अवस्था में पाई गई। NHAI की नवीनतम ATMS नीति (संख्या 11.53/2023) के अनुसार उन्नत एवं आधुनिक प्रणाली की स्थापना कार्य प्रगति पर है तथा पुराने उपकरणों को शीघ्र ही हटाया जाएगा।

6. ट्रैफिक एटेन्यूएटर की स्थापना
परियोजना मार्ग पर ट्रैफिक एटेन्यूएटर स्थापित किए गए हैं, जो दुर्घटना के दौरान वाहन एवं यात्रियों पर पड़ने वाले प्रभाव को कम कर गंभीर चोटों एवं मृत्यु की संभावना को घटाते हैं। विशेष रूप से उच्च गति वाले क्षेत्रों में यह उपकरण दुर्घटनाओं की तीव्रता को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
7. सड़क सुरक्षा हेतु रखरखाव गतिविधियाँ
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा सिमगा से बिलासपुर खंड पर सड़क सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। इसके अंतर्गत ट्रैफिक एटेन्यूएटर, साइनबोर्ड, डेलिनेटर्स, रंबल स्ट्रिप्स, सोलर स्टड्स, सोलर ब्लिंकर्स, स्ट्रीट लाइट्स एवं हाई-मास्ट लाइट्स जैसी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है, जिससे दिन एवं रात्रि दोनों समय यातायात सुरक्षित एवं सुगम बना रहे।
परियोजना कंसैशनायर द्वारा उच्चतम स्तर की सड़क सुरक्षा, त्वरित घटना प्रतिक्रिया एवं जनसेवा सुनिश्चित करने हेतु सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं दिशानिर्देशों के अनुरूप किए जा रहे हैं तथा परियोजना मार्ग की सतत निगरानी रखी जा रही है।