– पूर्णाहुति में श्रीराम कथा में हुए प्रवचन, भंडारा व कन्या विवाह में उमड़ा जनसैलाब
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज नगर के टेकापार कॉलोनी क्षेत्र में आयोजित संगीतमय श्रीराम कथा का समापन दिवस श्रद्धा, भक्ति और सेवा के भाव के साथ सम्पन्न हुआ। अंतिम दिन पूर्णाहुति, कन्या विवाह एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। समापन अवसर पर कथा व्यास संत पं. नवीन बिहारी महाराज ने भगवान श्रीराम के वनवास से अयोध्या आगमन एवं राज्याभिषेक प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया।

उन्होंने श्रीरामचरित के महत्व को आधुनिक संदर्भों से जोड़ते हुए कहा कि आज के समय में भी श्रीराम के आदर्श, न्यायप्रियता, त्याग और मर्यादा समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। रामचरित का अनुसरण कर व्यक्ति अपने जीवन को सफल और संतुलित बना सकता है। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य यजमान नप उपाध्यक्ष अशोकसिंह ठाकुर एवं श्रीमती फूलबाई ठाकुर द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना एवं पूर्णाहुति से हुई। इसके पश्चात उनके द्वारा कन्या विवाह का पुण्य कार्य भी संपन्न कराया गया, जिसे उपस्थित श्रद्धालुओं ने सराहा।
समापन कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी एवं जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश शर्मा विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि श्रीराम कथा जैसे आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों और धार्मिक चेतना को जागृत करते हैं। ऐसे आयोजन लोगों को एकता, सेवा और संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं।

आयोजन के अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा। इस अवसर पर जपं अध्यक्ष विजय पटेल, नप अध्यक्ष जिनेश सिंघई, वरिष्ठ नेता तोरणसिंह दांगी, रामकृपाल श्रीवास्तव, जवाहर सिंह चंद्रवंशी, संतोष राय, अखिल जैन, महेंद्र तिवारी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से यह धार्मिक आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।