ग़ैरतगंज एंव गढ़ी में हुई शांति समिति की बैठकों में अधिकारियों ने दिए जरूरी दिशा-निर्देश
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
आगामी शारदीय नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांति, सद्भाव और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी सिलसिले में शांति समिति की बैठक आयोजित कर विभिन्न आयोजनों, झांकियों, राम बारात एवं दशहरा कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने आयोजन समितियों एवं नागरिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एसडीओपी सोनाली गुप्ता, तहसीलदार अमृता सुमन, थाना प्रभारी डीपी लोहिया, सीएमओ राजेंद्र शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष जिनेश सिंघई, नायब तहसीलदार धनीराम अहिरवार, गढ़ी पुलिस चौकी प्रभारी राम प्रसाद गौहे, जेई शैलेंद्र सहित विभिन्न झांकी समितियों के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
बैठक में नगर ग़ैरतगंज एवं ग्राम पंचायत गढ़ी में स्थापित होने वाली झांकियों की जानकारी लेने के साथ उनके आयोजन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। वहीं राम बारात एवं दशहरा पर्व पर होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई। अधिकारियों ने झांकी समितियों के पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने तथा आयोजन के दौरान प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा।

नागरिकों ने माता मंदिरों की ओर जाने वाले मार्गों की साफ-सफाई, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी। अधिकारियों ने चल समारोह एवं अन्य कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने, धारदार हथियारों के प्रदर्शन पर प्रतिबंध सहित अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बिजली सुरक्षा पर विशेष जोर
बैठक में बिजली विभाग के जेई शैलेंद्र पटेल ने दुर्गा झांकियों के पदाधिकारियों को झांकी स्थलों पर सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने झांकियों में विद्युत सजावट के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा खुले तारों एवं असुरक्षित कनेक्शनों से बचने की अपील की।
बैठक में उपस्थित नागरिकों एवं आयोजन समितियों के पदाधिकारियों ने पर्व के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं में प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।