मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम अंबाडी के श्री गणेश चौक सदर बाजार में 23 साल बाद एक बार फिर भव्य रामलीला का मंचन होने जा रहा है। ग्रामवासियों के सहयोग से 19 मार्च से 28 मार्च तक प्रतिदिन शाम 8 बजे से रात्रि 12 बजे तक भव्य श्रीराम कथा एवं रामलीला का आयोजन किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, गणेश चौक सदर बाजार में करीब 23 वर्ष पहले रामलीला का मंचन हुआ करता था, लेकिन लंबे समय से यह परंपरा बंद थी। अब ग्रामवासियों ने एकजुट होकर इस धार्मिक परंपरा को फिर से प्रारंभ करने का निर्णय लिया है, जिससे पूरे गांव में उत्साह का माहौल है।
आयोजकों ने बताया कि 10 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों पर आधारित रामलीला का मंचन किया जाएगा, वहीं कथा वाचन के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म और संस्कृति का संदेश भी दिया जाएगा।
इस धार्मिक आयोजन में ग्राम अंबाडी सहित आसपास के गांवों के श्रद्धालुओं के बड़ी संख्या में पहुंचने की संभावना है। आयोजन को लेकर ग्रामीणों द्वारा तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं।