–तेंदुए ने बेसर तिजालपुर में किसान का बकरा उठाकर जंगल में ले जाकर खा गया, ग्रामीणों में दहशत का माहौल,
– इससे पहले भी बाग और तेंदुआ ने क्षेत्र में 35 से 40 जानवरों शिकार कर चुका
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
ग्राम पंचायत शाहपुर के ग्राम बेसर तिजालपुर में रविवार देर रात तेंदुए ने एक किसान के घर के पास बंधे बकरे को उठा लिया। जानकारी के अनुसार गांव के ओमप्रकाश का बकरा तेंदुआ उठाकर जंगल में ले गया और उसे अपना शिकार बना लिया। ग्रामीण ढूंढते हुए जंगल में पहुंचे तो वहां पर बकरा मारा मिला। तेंदुआ काफी हद तक बकरे को खा गया था। घटना की जानकारी लगते ही गांव में दहशत का माहौल बन गया। इस घटना से किसान ओमप्रकाश को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में पिछले कुछ समय से तेंदुए और बाघ का मूवमेंट लगातार देखा जा रहा है। दीवानगंज क्षेत्र के आसपास के कई गांवों में वन्य जीवों का आतंक बना हुआ है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।
बताया जा रहा है कि तेंदुए और बाघ अब तक दीवानगंज, नरखेड़ा, संग्रामपुर, झुंडखोया, कुलहड़िया, गीदगढ़, महुआखेड़ा, बालमपुर, सत्ती और बांसिया सहित कई गांवों में करीब 35 से 40 मवेशियों को अपना शिकार बना चुके हैं। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है और लोग दहशत के बीच जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में सक्रिय तेंदुए और बाघ को जल्द रेस्क्यू किया जाए या फिर निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि गांव के लोग और उनके मवेशी सुरक्षित रह सकें। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ी घटना होने की आशंका बनी हुई है।