– वार्ड 14 गेंहूरास से खमरिया गंज मार्ग कच्चा, बारिश में बढ़ती है परेशानी
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज नगर के वार्ड क्रमांक 14 गेंहूरास से खमरिया गंज जाने वाला प्रमुख मार्ग लंबे समय से कच्चा होने के कारण स्थानीय नागरिकों और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने इस मार्ग को शीघ्र पक्की सड़क में परिवर्तित करने की मांग तेज कर दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग गैरतगंज को खमरिया गंज सहित बेहरा, जमनिया, बिलवानी समेत दर्जनभर से अधिक गांवों से जोड़ता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं, लेकिन सड़क कच्ची होने से आवागमन जोखिम भरा बना रहता है। विशेषकर बरसात के मौसम में कीचड़ और जलभराव के कारण स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है।
क्षेत्र के किसानों ने बताया कि इस मार्ग के किनारे सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि स्थित है। फसल की बोवनी, कटाई और परिवहन के समय उन्हें सबसे अधिक दिक्कत झेलनी पड़ती है। खराब सड़क के कारण कृषि उपज को मंडियों तक पहुंचाने में समय और लागत दोनों बढ़ जाते हैं।

स्थानीय नागरिकों और वरिष्ठ ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस मार्ग का शीघ्र पक्कीकरण कर दिया जाए तो न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि आसपास के गांवों के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। लोगों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि जनहित को देखते हुए सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सकारात्मक पहल नहीं हुई तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन करने को भी मजबूर होंगे। क्षेत्र के रहवासी मूरतसिंह ठाकुर, अशोक पटेल, कमलेश साहू, प्रकाश सिंह, बहादुर सिंह, रामनारायण साहू, रामचरण, लक्ष्मीबाई, भूरा खां सहित अनेक लोगों ने जल्द सड़क निर्माण की मांग उठाई है।