द्वादश ज्योतिर्लिंग प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में भक्तिमय हुआ गैरतगंज, आज होगा प्राण-प्रतिष्ठा का मुख्य आयोजन
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज के धनगवां रोड स्थित कैलाश धाम द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय श्री शिवशक्ति महायज्ञ एवं द्वादश ज्योतिर्लिंग प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ जारी है। प्राण-प्रतिष्ठा के मुख्य आयोजन से पूर्व सोमवार को भगवान आशुतोष की भव्य नगर भ्रमण शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शोभायात्रा कैलाश धाम से डीजे, गाजे-बाजे और धार्मिक जयघोषों के साथ प्रारंभ हुई। चल समारोह में शामिल भीम अखाड़े के कलाकारों ने अपने आकर्षक एवं हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। युवा भक्त डीजे की धुन पर झूमते हुए चल रहे थे, वहीं बड़ी संख्या में महिलाएं मंगल गीत गाते हुए शोभायात्रा की शोभा बढ़ा रही थीं। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए शोभायात्रा पाठा मोहल्ला स्थित खेड़ापति माता मंदिर पहुंची, जहां विधिवत पूजा-अर्चना की गई।

इसके बाद यात्रा पुनः कैलाश धाम पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे नगर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और लोगों ने अपने घरों से निकलकर भगवान के दर्शन एवं पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार को द्वादश ज्योतिर्लिंग की विधि-विधान से प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न होगी। कैलाश धाम में प्रतिदिन 23 यजमान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर रहे हैं। नौ दिवसीय महायज्ञ की पूर्णाहुति 24 जून को होगी, जिसके बाद ब्राह्मण विदाई एवं महाप्रसादी वितरण का आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक आयोजन परमहंस संत ब्रह्मलीन स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज की प्रेरणा एवं कृपा से तथा उनके शिष्य संत गिरीशानंद महाराज (खपड़िया वाले बाबा) के सान्निध्य में संपन्न हो रहा है।