– प्रशासन ने शुरू की राहत प्रक्रिया
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले की गैरतगंज तहसील क्षेत्र के भोपाल सागर मार्ग पर स्थित गढ़ी घाटी में मंगलवार शाम हुए दर्दनाक ट्रैक्टर ट्रॉली हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। धार्मिक कार्यक्रम से लौट रहे ग्रामीणों से भरी ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलट जाने से दो लोगों की मौत हो गई है। इस घटना में 26 लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है और मृतकों व घायलों के परिजनों को शासकीय सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार ग्राम भिलाड़िया सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण गैरतगंज तहसील के सिद्ध क्षेत्र पठरिया धाम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम की पूर्णाहुति में शामिल होने गए थे। मंगलवार शाम लौटते समय गढ़ी घाटी के मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को गैरतगंज सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल करीब एक दर्जन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रायसेन रेफर किया गया।
घटना के दूसरे दिन दो मौतों की पुष्टि हुई। मृतकों में जिया उर्फ प्रतिज्ञा आदिवासी (7 वर्ष), निवासी ग्राम बलाई तहसील बम्होरी, तथा अजुद्दी बाई (45 वर्ष), निवासी भिलाड़िया शामिल हैं। अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल रायसेन और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में जारी है।

पीड़ित परिवारों से मिला प्रशासन
हादसे के बाद से ही एसडीएम अंकित जैन के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस विभाग की टीम लगातार सक्रिय रही। बुधवार को प्रशासनिक अमला मृतकों और घायलों के गांव पहुंचा तथा परिजनों से मुलाकात कर आवश्यक दस्तावेज एकत्रित किए, ताकि सहायता राशि शीघ्र स्वीकृत की जा सके।

एसडीएम अंकित जैन और तहसीलदार नरेश सिंह राजपूत ने बताया कि दोनों मृतकों के परिजनों को तत्काल अंत्येष्टि सहायता राशि प्रदान कर दी गई है। मृतक अजुद्दी बाई के परिजनों को मुख्यमंत्री संबल योजना के अंतर्गत 4 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इसके अलावा सभी घायलों को नियमानुसार अन्य शासकीय योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी और उपचाराधीन घायलों की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।