प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्थान भोपाल में हुआ भव्य आयोजन, ‘स्वदेशी अपनाओ’ की दिलाई गई शपथ
भोपाल। प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्थान (IASE) भोपाल में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में शनिवार को एक भव्य और प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान का पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति की भावना से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और पूजन के साथ की गई। इसके पश्चात संस्थान के समस्त अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रशिक्षणार्थियों ने एक स्वर में वाद्य यंत्रों की संगत के साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रभावना और उल्लास का वातावरण व्याप्त हो गया।
इसके बाद प्रशिक्षणार्थियों को वंदे मातरम् गीत के इतिहास, उसकी रचना प्रक्रिया और स्वतंत्रता आंदोलन में उसकी भूमिका से परिचित कराया गया। इस विषय पर तैयार की गई आकर्षक पीपीटी प्रस्तुति ने सभी को गीत के गौरवशाली इतिहास से अवगत कराया।

कार्यक्रम के अगले चरण में “स्वदेशी अपनाएं” विषय पर एक प्रेरक भाषण प्रस्तुत किया गया, जिसमें देश की प्रगति में स्वदेशी उत्पादों के प्रयोग और आत्मनिर्भरता के महत्व पर प्रकाश डाला गया। इसके पश्चात सभी उपस्थितों को “स्वदेशी अपनाओ – देश बनाओ” की शपथ दिलाई गई।
समापन सत्र में संस्थान के प्राध्यापकों ने प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना की और कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारतीय अस्मिता और स्वतंत्रता का प्रतीक है।
इस अवसर पर संस्थान के सभी अधिकारी, कर्मचारी, एम.एड. एवं बी.एड. के प्रशिक्षणार्थी पूर्ण उत्साह और समर्पण के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम के सफल संचालन में संपूर्ण टीम का सराहनीय सहयोग रहा।