रायसेन (बरेली)।रविवार की सुबह बरेली नगर के गणेश कॉलोनी में रहने वाले सचिन नामदेव के मकान में एक सांप निकल आया। उन्होंने लाठी की मदद से उसे घर से बाहर खदेड़ दिया।सांप कॉलोनी के पास स्थित कार पार्किंग ग्राउंड में जाकर वहाँ खड़ी मारुति सुजुकी सेलेरियो कार (क्रमांक MP 38 CA 3283) के नीचे से कार के अंदर घुसने का प्रयास करने लगा।
इस दौरान कॉलोनी के कुछ लोगों ने सांप को मार देने की बात कही, लेकिन मौके पर मौजूद जागरूक पत्रकार अंकित तिवारी ने सभी को समझाया कि सांप को मारना उचित नहीं है, बल्कि उसे रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ना चाहिए।

अंकित तिवारी ने तत्परता दिखाते हुए टीम “पहल” से संपर्क किया और सांप पकड़ने वाली स्टिक मंगवाई।इसके बाद उन्होंने स्वयं स्टिक की सहायता से कार के नीचे से सांप को बाहर निकाला और सावधानीपूर्वक उसे एक कंटेनर में भर लिया।बाद में उन्होंने सांप को नगर सीमा के बाहर स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर के पास के जंगली क्षेत्र में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया। कंटेनर खोलते ही सांप सहज रूप से झाड़ियों में चला गया।
अंकित तिवारी ने इस अवसर पर सभी कॉलोनीवासियों, सोशल मीडिया और मीडिया के माध्यम से लोगों को संदेश दिया कि
“हर जीव में हमारी तरह ही जीवन जीने की इच्छा और भावनाएँ होती हैं। चाहे वह सांप ही क्यों न हो, उसे मारना अनुचित है। वे भी केवल अपने जीवन और भोजन की तलाश में घूमते हैं।
दुनिया में पाई जाने वाली सांपों की प्रजातियों में अधिकांश विषहीन या कम विषैले होते हैं। लोगों की मौतें प्रायः अज्ञानता, लापरवाही और घबराहट के कारण होती हैं, न कि हर बार सांप के ज़हर से।
बहुत ही कम प्रजातियाँ ऐसी होती हैं जो घातक विष वाली होती हैं। यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो उसे झाड़-फूंक या टोटकों पर भरोसा न कर तुरंत डॉक्टर के पास जाना चाहिए।
> इस तरह की घटनाओं में सावधानी और जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है।”