संघर्ष करने वाली सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने वाली महिलाओं को मिलेगा मौका
रायसेन। संगठन सृजन अभियान के तहत अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के मार्गदर्शन में तथा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा पटेल और कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती नूरी खान के निर्देशन में बुधवार को रायसेन जिले की महिला कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश महासचिव एवं जिला पर्यवेक्षक श्रीमती कंचन लता शर्मा ने की। बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष पवित्र कौर, जिला पंचायत सदस्य चंदा चौहान, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनोज अग्रवाल सहित विभिन्न ब्लॉकों से बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुईं। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष पद हेतु कई महिलाओं ने अपने आवेदन और बायोडाटा प्रस्तुत किए।

श्रीमती कंचन शर्मा ने सभी आवेदकों से व्यक्तिगत चर्चा कर उनके संगठनात्मक अनुभव, सामाजिक कार्यों और क्षेत्रीय योगदान की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि “महिला कांग्रेस पूरी तरह से बदलाव और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत काम कर रही है। जिला अध्यक्ष का चयन किसी दबाव या सिफारिश से नहीं, बल्कि प्रतिनिधियों की राय और संगठन के प्रति निष्ठा के आधार पर होगा।” उन्होंने आगे कहा कि हर महिला कार्यकर्ता को अपनी बात रखने का समान अवसर दिया जा रहा है, ताकि सबसे योग्य महिला को नेतृत्व का दायित्व मिल सके। बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों की राय एवं आवेदकों के बायोडाटा एकत्रित कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे शीघ्र ही प्रदेश कार्यालय को भेजा जाएगा। इसके बाद प्रदेश नेतृत्व अंतिम रूप से रायसेन जिले की महिला कांग्रेस अध्यक्ष का चयन करेगा। श्रीमती शर्मा ने कहा कि “प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार, महंगाई और किसानों की आत्महत्याएँ गंभीर चिंता का विषय हैं। ऐसी परिस्थिति में हमें एक मजबूत महिला नेतृत्व की जरूरत है जो इन अन्यायों के खिलाफ डटकर आवाज उठा सके।” उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस का उद्देश्य सिर्फ संगठन को मजबूत करना नहीं, बल्कि समाज की हर उस महिला तक पहुँचना है जो संघर्ष कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाएँ और नारी शक्ति को संगठन की असली ताकत बनाएँ। श्रीमती शर्मा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महिलाओं को 3000 रूपये देने का वादा किया था, पर आज तक यह वादा अधूरा है। प्रधानमंत्री आवास योजना और लाडली बहना योजना में भी पात्र महिलाओं को लाभ नहीं मिल पा रहा। यह सरकार सिर्फ झूठे वादे और धोखे से जनता को गुमराह कर रही है।” उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस प्रदेश में ऐसी धोखेबाज नीतियों के खिलाफ घर-घर अभियान चलाएगी।

बैठक में उपस्थित महिलाओं ने स्थानीय समस्याओं से भी अवगत कराया, जिन पर शीघ्र ही प्रदेश कार्यालय और मुख्यमंत्री को पत्र भेजे जाएंगे। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राजू माहेश्वरी (जिला कांग्रेस कमेटी पूर्व महामंत्री रायसेन), अकील खान, अजीजा अवी (पूर्व पार्षद), लक्ष्मी चंदेल, संगीता सुमन, अनीता देवी, हबीब हिंदुस्तानी सहित नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र की अनेक महिलाएँ एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती चंदा चौहान ने कहा कि “महिला कांग्रेस आज महिलाओं की आवाज को सशक्त बनाने का सबसे बड़ा माध्यम बन चुकी है। संगठन सृजन अभियान के माध्यम से कांग्रेस महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में सीधी भागीदारी दे रही है। आज की बैठक ने यह साबित किया है कि महिला कांग्रेस केवल पद बाँटने का मंच नहीं बल्कि सेवा, संघर्ष और नेतृत्व का विद्यालय है।” उन्होंने कहा कि “प्रदेश की भाजपा सरकार ने महिलाओं के नाम पर योजनाएँ तो बहुत बनाईं, पर ज़मीनी स्तर पर उनका लाभ नहीं पहुँच रहा। कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता गाँव-गाँव जाकर यह सच जनता के बीच रखेगी और महिला सशक्तिकरण को जन-आंदोलन का रूप देगी।”