– शार्ट सर्किट से लगी आग, ईसागढ़ के पास घटित हुआ हादसा
– पिछोर व खनियाधाना के 60 से अधिक थे यात्री, सभी सुरक्षित
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी के पिछोर से इंदौर के लिए रवाना हुई एक निजी बालाजी बस सर्विस की यात्री बस में शार्ट सर्किट से आग लग गई, हालांकि घटना का सुखद पहलू यह रहा कि बस में सवार सभी यात्री पूरी तरह से सुरक्षित हैं। बताया जाता है कि बालाजी बस सर्विस की यात्री सब शनिवार की शाम करीब 5:30 बजे पिछोर से खनियाधाना होते हुए इंदौर के लिए रवाना हुई थी। यात्री बस में पिछोर और खनियांधाना से छुट्टियों के बाद वापस इंदौर जाने वाले छात्रों, व्यापारियों के अलावा आम लोग भी सवार थे।
यात्रियों ने कांच तोड़-तोड़ अपनी जान बचाई-
बताया जा रहा है कि बस में 60 से अधिक लोग सवार थे। यह बस जैसे ही अशोकनगर जिले के बमनावर थाने के पास पहुंची तभी अचानक बस में से आग की लपटें उठना शुरू हो गईं। बस के स्टाफ ने बस रोकी और नीचे देखा तो बस में आग लग रही थी। बस स्टाफ ने सभी यात्रियों को बस से उतरने के लिए बोला। हालांकि एक गेट से इतनी सवारियां उतरना संभव नहीं था तो यात्रियों ने बस के कांच तोड़-तोड़ कर नीचे कुंद कर अपनी जान बचाई। इस पूरी घटना का सुखद पहलू यह रहा कि सभी यात्री सुरक्षित बस से बाहर निकल आए।
सामान, नगदी जेवर जलकर राख-
इस बस में लगी आग के बाद हालांकि आगजनी में बस में सवार यात्रियों का लाखों रुपये का सामान, नगदी, जेवर आदि जलकर पूरी तरह से खाक हो गया। अगर यह हादसा देर रात घटित हुआ होता तो शायद कई लोग इस आग की चपेट में आ जाते, क्योंकि आधे से ज्यादा यात्री तो रात के समय गहरी नींद में होते और उस समय इतनी तेजी से बस से बाहर निकल पाना मुश्किल होता। बस में सवार यात्रियों का कहना है कि दस मिनट में तो बस आग का गोला बन गई थी।