– किसान हित में भावांतर योजना, किसानों को मिलेगा उपज का सही दाम
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
प्रदेश सरकार ने किसानों को उनकी उपज का सही दाम दिलवाने के लिए भावांतर योजना लागू की है। वर्तमान खरीफ सीजन में सोयाबीन की उपज का सही दाम किसानों को दिलाया जाएगा। इस योजना में सही काम हो प्रशासन इसका ध्यान रखे।यह बात क्षेत्रीय विधायक डा. प्रभुराम चौधरी ने गैरतगंज कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित भावांतर योजना के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।

कार्यक्रम में विधायक डा. चौधरी ने कहा कि प्रदेश की डा. मोहन यादव सरकार ने जिस प्रकार गेंहू और धान का समर्थन मूल्य किसानों को दिलाने का काम किया था वैंसे ही अब सोयाबीन का दाम भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस बार सोयाबीन का एमएसपी रेट 5328 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है। यदि किसान को इससे कम दाम मिलेगा तो उसका अंतर राज्य सरकार सीधे भावांतर योजना के अंतर्गत भुगतान करेगी। किसान समय पर पंजीयन कराकर अपनी उपज विक्रय करें।

विधायक ने जनता व किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे विधानसभा क्षेत्र में अधिक से अधिक योजनाएं लाकर क्षेत्र का विकास किया जा रहा है तथा जनता को उसका लाभ भी मिल रहा है। कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, वरिष्ठ नेता धीरेंद्र कुशवाहा, नप अध्यक्ष जिनेश सिंघई, नप उपाध्यक्ष अशोकसिंह ठाकुर, एसडीओ गोविंद नामदेव आदि ने भी संबोधित किया।

आयोजन में मंडल अध्यक्ष संजय जैन, एसडीएम सरोज अग्निवंशी, मंडी सचिव एसएन वाडीवा, नरेंद्र पटेल, टेकचंद जैन, रामकृपाल श्रीवास्तव, हरिकृष्ण गौर, गौरीशंकर चंद्रवंशी, माधोसिंह गौर, मानसिंह कीर, नीतेश यादव, प्रबंध ठाकुर, अनिल अहिरवार, जेके जैन, आशीष जैन, अखिल जैन, मुकेश धाकड़, गगन गौर, महेश रघुवंशी, राकेश श्रीवास्तव, महेंद्र गौर, ट्विंकल कीर सहित अनेक लोग मौजूद रहे।