सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
ज़िले की ग़ैरतगंज तहसील के गढ़ी घाटी क्षेत्र में बुधवार की शाम के समय भोपाल-सागर मुख्य सड़क मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस घटना में एक तेज रफ़्तार अज्ञात कार ने मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फ़रार हो गई। इस हादसे में बाइक पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 60 बजे, बाइक क्रमांक MP038-9932 पर सवार राजू आदिवासी निवासी टिकोदा और कारे लाल आदिवासी निवासी देहगांव भोपाल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान, विपरीत दिशा से आई एक तेज़ रफ़्तार अज्ञात कार ने उन्हें टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से ज़ख़्मी हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही गढ़ी पुलिस प्रभारी वीरेंद्र विश्वकर्मा अपने अमले के साथ तत्काल मौके पर पहुँचे। पुलिस ने दोनों घायल युवकों को तुरंत ग़ैरतगंज सिविल अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उनका उपचार जारी है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के ख़िलाफ़ मामला दर्ज़ कर जाँच शुरू कर दी है।