– चोरी की घटनाओं से नागरिकों में भय का माहौल
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
ज़िले के गै़रतगंज नगर के धनगवां रोड इलाके में अज्ञात चोरों ने दो घरों पर धावा बोलकर लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोर एक घर से सवा लाख नकदी तो दूसरे घर से बाइक, नकदी तथा ज्वेलरी ले गए। चोरी की इन घटनाओं से से नागरिकों में भय का माहौल है तथा पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक धनगवां रोड पर रहने वाले कमलेश जैन, हिमांशु जैन के मकान में मंगलवार को चोरों ने ताला तोड़कर सूने घर से अलमारी में रखे सवा लाख चुरा लिए। वहीं मंगलवार देर रात चोरों ने सुरेंद्र त्रिपाठी, सिद्धार्थ त्रिपाठी के घर का ताला तोड़कर घर में रखी बाइक, नकदी पचास हजार एवं चांदी की ज्वेलरी चुरा ली। दोनों घटनाओं में तीन लाख से ज्यादा की चोरी का अनुमान है। घटनाओं के समय कमलेश जैन हिमांशु जैन अपने परिवार के गांधी चौक स्थित पुराने घर गए थे तो सुरेंद्र त्रिपाठी, सिद्धार्थ त्रिपाठी अपने गांव माता पूजन के लिए गए थे। घटनाओं का पता काफी देर बाद चला तथा पुलिस को सूचना दी गई। दोनों घटनाओं में संबंधित लोगों ने पुलिस को आवेदन देकर कार्यवाही की मांग की है। वहीं चोरी की इन घटनाओं से नगर में भय का माहौल व्याप्त हो गया है। जनचर्चा में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। अज्ञात चोरों का अब तक पता नहीं लग पाया है। इस विषय में टीआई डीपी लोहिया का कहना है कि घटनाओं में जांच पड़ताल कर कार्यवाही की जा रही है।