– नगर परिषद और रायसेन जिला विकास समिति का संयुक्त अभियान
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज नगर में नगर परिषद और रायसेन जिला विकास समिति ने संयुक्त अभियान चलाकर सड़क के दोनों ओर 100 कदंब के बड़े वृक्ष लगाए। कुछ दिन पहले नगर के मुख्य बाज़ार में पीपल का वृक्ष काट दिए जाने के बाद इस अभियान को क्षतिपूर्ति माना जा रहा है।
बुधवार को नगर में कार्यक्रम आयोजित कर कदंब के बड़े वृक्षों को सड़क के दोनों ओर लगाया गया। इस अभियान में 100 कदंब वृक्ष लगाए गए। अभियान में नगर परिषद अध्यक्ष जिनेश सिंघई, एसडीएम सरोज अग्निवंशी, तहसीलदार नरेशसिंह राजपूत, नप सीएमओ सुधीर उपाध्याय, रायसेन जिला विकास समिति के अध्यक्ष हरीश मिश्र सहित अन्य लोग शामिल हुए।

कुछ दिन पहले नगर के बाजार चौक में पीपल के वृक्ष को काट दिए जाने पर रायसेन जिला विकास समिति, बस एक कदम और सोशल वेलफेयर फाउंडेशन और पर्यावरण प्रेमियों ने पुरजोर विरोध किया था। समिति की पहल पर नगर परिषद ने सड़क के दोनों ओर कदंब के 100 बड़े वृक्ष लगाए। इस मौके को नगरवासियों ने प्रेरणा और गर्व का क्षण बताया।
इस मौके पर नप अध्यक्ष जिनेश सिंघई ने कहा कि कदंब वृक्ष लम्बी उम्र जीता है, छांव देता है और पर्यावरण को संतुलन देता है। आगे भी सड़क किनारे कदंब वृक्षारोपण किया जाएगा। एसडीएम सरोज अग्निवंशी ने कहा कि पेड़ काटना सिर्फ अपराध नहीं, यह जीवन पर प्रहार है। उसकी भरपाई केवल वृक्षारोपण से ही हो सकती है। इसलिए एक पीपल कटा है, तो उसके बदले सौ कदंब रोपित किए गए। समिति के अध्यक्ष हरीश मिश्र ने कहा कि पीपल कटने पर दुख था, लेकिन सौ कदंब लगाकर खुशी मिली। यह पहल जिले के लिए उदाहरण बनेगी। अब वृक्ष काटने पर केवल जुर्माना नहीं, बल्कि वृक्षारोपण ही असली दंड होगा। हरियाली बचाना हमारी साझा जिम्मेदारी है। इस मौके पर मनोज कुशवाह, हरित विश्वकर्मा, हरिकृष्ण गौर, संजीव श्रीवास्तव, जेके जैन, बबलू साहू, निसार उद्दीन, अमित शर्मा, बाबूलाल राय, प्रदीप पटेल, मलखान विश्वकर्मा एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।