सुरेन्द्व जैन धरसीवां
छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार द्वारा बिजली बिल हाफ योजना में की गई कटौती को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धरसीवा के अध्यक्ष दुर्गेश वर्मा ने तीव्र आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने विपरीत परिस्थितियों में भी जनता को राहत पहुंचाने के लिए 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना शुरू की थी, जिसका लाभ प्रदेश के लगभग 44 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को मिला था। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक उपभोक्ता को पांच वर्षों में ₹40,000 से ₹50,000 तक की बचत हुई।
दुर्गेश वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार अब महतारी वंदन योजना की पूर्ति के नाम पर बिजली बिल हाफ योजना में कटौती कर रही है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ और बढ़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार न किसानों को खाद दे पा रही है, न युवाओं को रोजगार, और न ही शिक्षा को प्राथमिकता दे रही है—स्कूल बंद किए जा रहे हैं और शराब दुकानों की संख्या बढ़ाई जा रही है।
“छत्तीसगढ़ की जनता पहले ही महंगाई की मार झेल रही है। अब बिजली बिल बढ़ाकर भाजपा सरकार जनता को प्रताड़ित करने का काम कर रही है। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है,” – दुर्गेश वर्मा ने कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि छत्तीसगढ़ की जनता इस अन्याय को कभी माफ नहीं करेगी।