अनुराग शर्मा सीहोर
मध्यप्रदेश के सबसे खास जिलों में सीहोर जिला शुमार रहा है। करीब 18 साल तक प्रदेश के सीएम रहे शिवराज सिंह चौहान सीहोर जिले के ही जैत गांव के निवासी है। वर्तमान में भी शिवराज सिंह चौहान केन्द्रीय कृषि मंत्री हैं, नतीजतन अब भी यह जिला खास ही है। लेकिन देखने में आ रहा है कि मप्र के निजाम क्या बदले, यहां सिस्टम में ही बदलाव आ गया है। दरअसल, बीते दो तीन महीने में जिले में हुए प्रशासनिक फेरबदल में कई अधिकार नए आ गए। पहले परम्परा थी कि नए अधिकारी के आते देर नहीं होती थी और गुलदस्ते लेकर मिलने वालों की लाइन लग जाती थी, लेकिन नए साहब ने इस परम्परा को बदलकर ही रख दिया है। जिले में आए नए साहब, आम लोगों को सहजता से उपलब्ध हो रहे हैं और उनकी परेशानियों को सुनने के साथ ही तुरंत ही उस परेशानी का समाधान करने के भी प्रयास कर रहे हैं, जबकि नए साहब नेतानगरी से दूरी बनाए हुए हैं। छोटे हो या बड़े, सभी किस्म के नेताओं को साहब से मिलने में पसीने आ रहे हैं। साहब का यह व्यवहार भले ही नेतानगरी को पसंद नहीं आ रहा हो, लेकिन आम लोगों को खूब भा रहा है।