– पठरिया बालाजी धाम में नर्मदा पुराण कथा एवं यज्ञ का आयोजन, उमड़ रहा श्रद्धालुओं कासैलाब
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
निष्काम पूजा और भक्ति से भगवान की कृपा प्राप्त होती है। नर्मदा स्नान और पूजन मनुष्य का कल्याण करने वाला है। हम धर्म से जुड़े रहकर इस भवसागर को पार कर सकते हैं। उक्त उदगार क्षेत्र के सिद्ध क्षेत्र पठरिया धाम पर चल रही नर्मदा पुराण कथा एवं महायज्ञ के आयोजन में कथा प्रवक्ता ने कही
पठरिया धाम में सप्तदिवसीय माँ नर्मदा पुराण कथा एवं महायज्ञ का आयोजन चल रहा है। आयोजन में गुरुवार को भगवान की भक्ति एवं नर्मदा जी के महत्व पर प्रवचन एवं यज्ञ में हवन आहुति संस्कार के आयोजन हुए। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु सिद्ध श्री बालाजी हनुमान जी के दर्शन के लिए पहुंचे। कथा आयोजन में विद्वान प्रवक्ता आचार्य सोमदेव महाराज ने प्रवचन देते हुए कहा कि बिना निष्काम भक्ति के प्रभु की कृपा का पात्र नहीं बना जा सकता। हमें पूरे मनोयोग से भगवान की भक्ति कर उनसे जुड़ना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हमें धर्म से जुड़े रहना चाहिए ताकि अनैतिकता के माहौल से बचे रह सकें। इसी में मानव का कल्याण है। उन्होंने कहा कि नर्मदा जी का स्नान और पूजन बड़ा फल देने वाला है। पवित्रतम नर्मदा हमें पुण्य देने वाली मां है। बालाजी धाम के पंडा भारतसिंह ने बताया कि यह आयोजन सर्व कल्याण के लिए किया जा रहा है। तथा आयोजन की पूर्णाहुति व भंडारा 21 फरवरी शुक्रवार को होगा। उन्होंने सभी से कार्यक्रम में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की।