नगर पालिका अपने-अपने क्षेत्रों में टीम बनाकर आइल बॉल डालेंगे
अनुराग शर्मा सीहोर
डेंगू और मलेरिया को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। कलेक्टर प्रवीण सिंह ने नगर पालिका, नगर परिषद सीएमओ, ग्राम पंचायत सचिव और रोजगार सहायक इसकी रोकथाम के लिए आइल बॉल बनाकर रूके पानी डालने के निर्देश दिए थे।
इसको लेकर इस अभियान में नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने नपा अमले के साथ शहर के भोपाल नाके आदि पर खाली प्लाटों पर आइल बाल डाली, उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में नियमित रूप से साफ-सफाई करने और डेंगू और मलेरिया आदि की रोकथाम के उपाय के निर्देश दिए है।
इस मौके पर स्वच्छता प्रभारी अमित यादव ने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष श्री राठौर और नपा सीएमओ भूपेन्द्र दीक्षित के निर्देश पर हर वार्ड में इस अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान आरा मशीन, कारपेन्टर की शॉप से लकड़ी का बुरादा एकत्र कर, पुरानी चादर या घर के फटे हुए काटन के कपड़े से बॉल का निर्माण कर गाड़ी के जले हुए तेल में डुबा कर ठहरे हुए पानी में डालना है। यह सस्ती एवं सुलभ विधि है। इस बॉल के तेल की परत ठहरे हुए पानी की सतह पर जम जाती हैं, जिससे मलेरिया एवं डेंगू के (एनाफिलीस एवं एडीस) मच्छर के लार्वा ऑक्सीजन न मिलने के कारण पानी के अंदर ही नष्ट हो जाते हैं। मंगलवार को नगर पालिका अमले के अलावा पार्षद मुकेश मेवाड़ा, विजेन्द्र परमार, मांगीलाल मालवीय, गजेन्द्र सिंह सिसौदिया आदि शामिल थे।