बैतूल बहुजन समाज पार्टी प्रत्याशी अशोक भलावी का हृदय गति रुकने से निधन,निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव स्थगित किया
बैतूल। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में शामिल मध्य प्रदेश की बैतूल लोकसभा सीट के लिए 26 अप्रैल को होने वाला मतदान स्थगित हो गया है। यहां से बहुजन समाज पार्टी प्रत्याशी अशोक भलावी का मंगलवार को हृदय गति रुकने से निधन हो गया।
निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने मतदान स्थगन करने घोषणा का आदेश जारी किया। मतदान का आगामी कार्यक्रम आयोग से दिशानिर्देश प्राप्त होने के बाद घोषित किया जाएगा।
बैतूल के ग्राम सोहागपुर निवासी अशोक भलावी को दोपहर करीब दो बजे सीने में दर्द होने पर स्वजन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सक मनीष लश्करे ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि रिटर्निंग आफिसर ने प्रत्याशी के निधन की सूचना दी है।
लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के प्रविधान है कि मान्यता प्राप्त दल के प्रत्याशी का निधन होने पर चुनाव प्रक्रिया स्थगित हो जाती है और आयोग चुनाव का नया कार्यक्रम जारी करता है। इसमें बसपा को अपने प्रत्याशी का नामांकन पत्र जमा कराने का अवसर मिलेगा।