हाट बाजार में पुलिस ने किए आतिशबाजी दुकानों के लाइसेंस चेक, सड़क पर वाहन खड़े करने वालों को दी हिदायत
सलामतपुर रायसेन से अदनान खान की रिपोर्ट
थाना अंतर्गत दीवानगंज चौकी पुलिस ने रविवार को दीवानगंज हाट बाजार में फटाका व्यापारियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। पुलिस ने बताया कि दीपावली के त्यौहार को देखते हुए सलामतपुर थाने के अंतर्गत दीवानगंज पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत दीवानगंज में लगने वाले साप्ताहिक हाट बाजार में दीवानगंज चौकी प्रभारी सत्येंद्र दुबे, प्रधान आरक्षक दिलीप यादव प्रधान आरक्षक लखन सिंह रघुवंशी, आरक्षक राजू चौहान, आरक्षक ने पुलिस बल के साथ पटाखा दुकानों का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। बाजार में सजी पटाखा दुकानों में मानकों को देखा और कमियां मिलने पर दुकानदारों को उन्हें दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए हैं। आतिशबाजी दुकानों के औचक निरीक्षण में दुकानदारों के लाइसेंस व दुकानों में भंडारण की निर्धारित मात्रा सहित अग्नि सुरक्षा यंत्रों के साथ अन्य संसाधनों को देखकर उन्हें जांचा परखा। बाजार में संचालित पटाखा दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि मात्रा से अधिक भंडारण न किया जाए। ऐसा मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।दीवानगंज चौकी प्रभारी सत्येंद्र दुबे ने बताया कि पटाखा बाजार को लेकर अब लगातार निरीक्षण किया जाएगा। जहां भी मानकों का उल्लंघन होता दिखेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं बाजार में सड़क पर खड़े वाहन मालिकों को भी वाहनों को बीच सड़क पर ना खड़े करने की हिदायत दी गई है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सड़क पर वाहन खड़े करके खरीदारी करते हैं ऐसे में जाम की स्थिति बन जाती है। अगर बाजार में बीच सड़क पर कोई वाहन खड़ा पाया गया तो चालानी कार्रवाई की जाएगी।