रंजीत गुप्ता शिवपुरी
गुना से ग्वालियर रेलवे लाइन पर बनाए अंडरब्रिज लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। रातोर रेलवे अंडर ब्रिज पर पानी भरा रहने से यहां से निकलने वाले ग्रामीण परेशान हैं। गुना ग्वालियर रेलवे ट्रैक पर बारिश होने पर अधिकतर अंडरब्रिज पर ग्रामीण क्षेत्रों में पानी भर जाता है और लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। तकनीकी रूप से गलत बनाए गए इन अंडरब्रिज में पानी निकासी नहीं रहती इसलिए लोग परेशान हैं। ग्रामीणजनों की समस्या पर रेलवे के अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। इलाके में ज्यादा बारिश हो जाए तो आवागमन तक बंद हो जाता है। साधारण स्थिति में भी यहां पर 3 से 4 फीट तक पानी भरा रहता है।