कोरी मोहल्ला, इच्छापूर्ति हनुमान मंदिर और बालमपुर राम-जानकी मंदिर में हुई महाआरती, आज दोपहर बाद निकलेगा भव्य चल समारोह
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के दीवानगंज सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में गणेश उत्सव को लेकर इन दिनों आस्था और उत्साह का माहौल बना हुआ है। गांव-गांव में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के साथ झांकी पंडालों को आकर्षक रूप दिया गया है। शाम होते ही पंडालों में भजन-कीर्तन, धार्मिक कार्यक्रम और महाआरती का दौर शुरू हो जाता है। देर रात तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु गणेश जी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
बुधवार को दीवानगंज के कोरी मोहल्ला स्थित गणेश झांकी पंडाल में महाआरती का आयोजन किया गया। इस दौरान बाहर से आए कलाकारों ने देर रात तक भजन-कीर्तन की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में डुबो दिया। भजनों के दौरान पूरा पंडाल जयकारों और भक्तिमय स्वरों से गूंजता रहा।
इसी तरह बालमपुर स्थित राम-जानकी मंदिर परिसर में विराजमान गणेश जी की झांकी पर भी महाआरती आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु शामिल हुए।
गुरुवार देर रात दीवानगंज के इच्छापूर्ति हनुमान मंदिर में विराजमान गणेश जी की झांकी पर भी महाआरती हुई। यहां भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

सजी थालियां लेकर पहुंचीं कन्याएं, सामूहिक आरती में शामिल हुए श्रद्धालु
महाआरती के दौरान क्षेत्र की छोटी-छोटी कन्याएं अपने घरों से सजी हुई थालियां और दीप लेकर झांकी पंडाल पहुंचीं। कन्याओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान गणेश की आरती की। इसके बाद महिलाओं, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सामूहिक महाआरती में भाग लिया। आरती के दौरान पूरा पंडाल गणपति बप्पा के जयकारों से गूंज उठा। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसादी का वितरण किया गया।
आकर्षण का केंद्र बनीं अलग-अलग थीम पर सजी झांकियां
दीवानगंज में स्थापित गणेश झांकियां इस बार अपनी अलग-अलग थीम और आकर्षक सजावट के कारण श्रद्धालुओं का ध्यान खींच रही हैं। इच्छापूर्ति हनुमान मंदिर में शेर पर विराजमान गणेश जी की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वहीं भवानी चौक स्थित राम-जानकी मंदिर की झांकी में हाथी वाले रथ पर सवार होकर रथ चलाते गणेश जी की प्रतिमा भी लोगों को आकर्षित कर रही है।
इसके अलावा कोरी मोहल्ला, इच्छापूर्ति हनुमान मंदिर, भवानी चौक राम-जानकी मंदिर, गोसाई मोहल्ला, पुराने गुरुद्वारा मंदिर , अंबाडी, सेमरा, नरखेड़ा जमुनिया, बालमपुर सहित अन्य स्थानों पर स्थापित गणेश झांकियों में भी दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
दीवानगंज के साथ ही अंबाडी, सेमरा, नरखेड़ा, जमुनिया, निनोद, बरजोरपुर, सरार, बालमपुर, देहरी, छोला, बनखेड़ी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी गणेश उत्सव को लेकर खासा उत्साह है। ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दीवानगंज पहुंचकर झांकियों के दर्शन कर रहे हैं।

आज दोपहर बाद निकलेगा चल समारोह, देर रात तक चलेगा आयोजन
गणेश उत्सव के तहत आज शुक्रवार को दोपहर बाद दीवानगंज में भव्य चल समारोह निकाला जाएगा, जो देर रात तक चलेगा। चल समारोह को लेकर गणेश उत्सव समितियों ने अपने बहनों को सजा कर तैयारियां पूरी कर ली हैं। वहीं पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारी पूरी कर ली है। चल समारोह के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। चल समारोह रेलवे स्टेशन दीवानगंज से प्रारंभ होते हुए, शिव मंदिर, गणेश मंदिर अयोध्या धाम मंदिर से होते हुए सोसाइटी दीवानगंज ,भवानी चौक से होते हुए तालाब पर पहुंचेगी जहां पर गणेश जी को विसर्जित किए जाएंगे।