सलामतपुर रायसेन से अदनान खान की रिपोर्ट
हलाली डैम का जलस्तर बढ़ने से ग्राम कायमपुर बाढ़ की चपेट में आ गया। जिसमें गांव के कई घर पानी में डूब गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी द्वारा सांची विकासखण्ड के बाढ़ प्रभावित ग्राम कायमपुर में पहुंचकर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित ग्रामों में किए जा रहे राहत और बचाव कार्यो को देखा।

मौके पर उपस्थित अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि प्रभावितों को भोजन, पेयजल सहित अन्य जरूरी सामग्री नियमित उपलब्ध कराई जाए। साथ ही ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए तथा आवश्यकतानुसार उपचार भी सुनिश्चित कराएं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने मोटर मोटर बोर्ड में सवार होकर ग्राम कायमपुर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया तथा ग्रामीणों को भोजन एवं नाश्ता पानी के पैकेट वितरण किए।

ग्रामीणों से चर्चा कर नुकसान की जानकारी लेते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार उनके साथ है तथा हर संभव मदद की जाएगी। इस दौरान जिला कलेक्टर अरविंद कुमार दुबे, पुलिस अधीक्षक विकास कुमार शाहवाल, एसडीएम एलके खरे, सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री सहित अन्य अधिकारी भी साथ थे।

कायमपुर में एक और बिजली की डीपी रखी जाएगी: स्वास्थ्य मंत्री–
स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी ने गुरुवार को सांची ब्लाक के ग्राम कायमपुर में पहुंचकर लोगों से चर्चा की। यहां के लोगों की बिजली की समस्या पर स्वास्थ्य मंत्री ने एक और बिजली की डीपी रखने की बात कही।
नोनाखेड़ी गांव में चबूतरा निर्माण के लिए स्वास्थ्य मंत्री ने 50हज़ार रुपए देने की घोषणा की
स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी ने गुरुवार को सांची ब्लॉक के बाढ़ पीड़ित गांव नोनाखेड़ी में पहुंचे और उन्होंने सर्वप्रथम लोगों से भोजन पानी की बात और मौके पर ही भोजन के पैकेट वितरित किए। लोगों से उनकी हर संभव मदद देने की बात कही। इस अवसर पर लोगों की मांग पर उन्होंने चबूतरा निर्माण के लिए 50,000 रुपए देने की घोषणा की। उनके साथ रायसेन कलेक्टर अरविंद दुबे, एसपी विकास कुमार शाहवाल, एसडीएम एलके खरे, सांची जनपद पंचायत के एपीओ प्रवीण त्रिपाठी आदि कई लोग मौजूद थे।