Let’s travel together.

साईखेड़ा स्कूल की प्राचार्य के निजी खाते में शासकीय राशि पहुंचने की जांच में वित्तीय अनियमितता की पुष्टि, रिपोर्ट डीईओ को सौंपी

0 19

₹80,195 के भुगतान मामले में सिलवानी बीईओ की जांच में मिली गंभीर अनियमितता; अब आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय गठित करेंगे जांच समिति, प्राचार्य का पक्ष भी सुना जाएगा

27 सितंबर की शिकायत के बाद 28 सितंबर को शिकायतकर्ता के खाते में पहुंचे थे ₹6 हजार, 3 नवंबर को परिवर्तन संगठन ने कलेक्टर को सौंपा नया शिकायत पत्र

सिलवानी/रायसेन। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साईखेड़ा की प्राचार्य श्रीमती हेमलता दास के निजी बैंक खाते में शासकीय राशि हस्तांतरित होने के मामले में अब जांच के दौरान गंभीर वित्तीय अनियमितता की पुष्टि हुई है। सिलवानी विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा की गई जांच में अनियमितताएं सामने आने के बाद 12 अक्टूबर 2026 को जांच प्रतिवेदन जिला शिक्षा अधिकारी रायसेन को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। वहीं, मामले को लेकर परिवर्तन संगठन के प्रतिनिधि एवं अतिथि व्याख्याता राजेंद्र लोधी ने मंगलवार, 3 नवंबर को एक बार फिर कलेक्टर रायसेन को शिकायत सौंपकर प्राचार्य को पद से हटाने, उनसे जांच संबंधी जिम्मेदारियां वापस लेने और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

मामले में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अब शिक्षा विभाग के जिला स्तर पर जांच प्रतिवेदन भेजे जाने के बाद आगे की कार्रवाई के लिए आयुक्त, लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल द्वारा जांच समिति गठित किए जाने की बात कही गई है। जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल नंदन तिवारी ने स्पष्ट किया है कि जांच समिति प्रकरण के सभी पहलुओं की जांच करेगी और संबंधित प्राचार्य का पक्ष भी सुनेगी।

₹80,195 निजी खाते में पहुंचने का मामला

शिकायतकर्ता राजेंद्र लोधी द्वारा प्रस्तुत बैंक भुगतान अभिलेखों के अनुसार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साईखेड़ा से संबंधित ₹75,195 तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मटकुली से संबंधित ₹5,000 की राशि मिलाकर कुल ₹80,195 प्राचार्य श्रीमती हेमलता दास के व्यक्तिगत एसबीआई बैंक खाते में हस्तांतरित होना दर्शाया गया है। दस्तावेजों में भुगतान का मद माध्यमिक शिक्षक/टीचर दर्ज बताया गया है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि शासकीय मद की राशि संबंधित अतिथि व्याख्याताओं एवं शिक्षकों के खातों में सीधे हस्तांतरित किए जाने के बजाय प्राचार्य के निजी खाते में क्यों भेजी गई? उन्होंने यह भी बताया कि बाद में प्राचार्य द्वारा अपने खाते से राशि विद्यालय के खाते में जमा कर अतिथि व्याख्याताओं को भुगतान किया गया। वहीं मटकुली विद्यालय से संबंधित ₹5,000 की राशि के उपयोग को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की गई है।

बीईओ की जांच में गंभीर वित्तीय अनियमितता सामने आई

इस मामले में अतिथि व्याख्याता राजेंद्र लोधी द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी, कलेक्टर रायसेन एवं आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल को लिखित शिकायत की गई थी। शिकायत के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल नंदन तिवारी ने सिलवानी विकासखंड शिक्षा अधिकारी को जांच के निर्देश दिए थे।

निर्देश मिलने के बाद सिलवानी बीईओ द्वारा प्रकरण की जांच की गई। जांच के बाद 12 अक्टूबर 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी रायसेन को भेजे गए प्रतिवेदन में गंभीर वित्तीय अनियमितता की पुष्टि होने की बात सामने आई है। अब इस प्रतिवेदन के आधार पर आगे की विभागीय प्रक्रिया प्रस्तावित है।

शिकायत के अगले दिन शिकायतकर्ता के खाते में पहुंचे ₹6 हजार

इस पूरे प्रकरण में एक अन्य घटनाक्रम भी सवालों के घेरे में है। शिकायतकर्ता राजेंद्र लोधी के अनुसार, उन्होंने 27 सितंबर 2026 को विद्यालय से संबंधित शिकायत जनसुनवाई में प्रस्तुत की थी। इसके अगले ही दिन 28 सितंबर को विद्यालय की ओर से उनके व्यक्तिगत बैंक खाते में बिना किसी पूर्व मांग और सूचना के ₹6,000 की राशि हस्तांतरित की गई।

शिकायतकर्ता ने इस भुगतान के उद्देश्य, स्वीकृति और परिस्थितियों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि शिकायत के तत्काल बाद इस प्रकार राशि का हस्तांतरण होना जांच का विषय है।

पुराने भवन को तोड़ने और सीसीटीवी भुगतान का मामला भी उठाया

प्राचार्य के विरुद्ध इससे पहले भी विद्यालय के पुराने भवन को बिना अनुमति तोड़ने, निर्माण सामग्री के उपयोग तथा सीसीटीवी कार्य के भुगतान को लेकर शिकायतें की जा चुकी हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि इन मामलों में तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था। पूर्व में हुई जांच का प्रतिवेदन आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय को भेजे जाने के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप भी लगाया गया है।

परिवर्तन संगठन ने यह सवाल भी उठाया है कि जब प्राचार्य स्वयं वित्तीय अनियमितता के आरोपों और जांच के दायरे में हैं, तो उन्हें कुछवाड़ा विद्यालय से संबंधित प्रकरण में जांचकर्ता की जिम्मेदारी कैसे दी गई? संगठन ने निष्पक्षता का हवाला देते हुए उनसे अन्य विद्यालयों की जांच संबंधी जिम्मेदारियां तत्काल वापस लेने की मांग की है।

विधायक को दी शिकायत से लेकर कलेक्टर तक पहुंचा मामला

परिवर्तन संगठन के अनुसार, इस प्रकरण को लेकर 27 अप्रैल 2026 को सिलवानी विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र पटेल को भी शिकायत दी गई थी। इसके बाद 2 मई 2026 को विधायक द्वारा कलेक्टर रायसेन को पत्र भेजा गया था। संगठन का आरोप है कि तीन माह से अधिक समय बीतने के बावजूद पूर्व शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते 3 नवंबर को दस्तावेजों के साथ दोबारा कलेक्टर को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई है। मामले की विस्तृत शिकायत आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल को भी भेजी गई है।

जांच समिति गठित कर प्राचार्य का पक्ष भी सुना जाएगा डीईओ

जिला शिक्षा अधिकारी रायसेन निर्मल नंदन तिवारी ने बताया कि सिलवानी विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा की गई जांच का प्रतिवेदन 12 अक्टूबर 2026 को प्राप्त हुआ है, जिसमें गंभीर वित्तीय अनियमितता की पुष्टि हुई है। इस जांच प्रतिवेदन को आधार बनाकर आयुक्त, लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जांच समिति गठित की जाएगी। समिति पूरे मामले की जांच करेगी और प्राचार्य श्रीमती हेमलता दास का पक्ष भी सुनेगी।

निर्मल नंदन तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी, रायसेन

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.

रायसेन के छात्रों ने किया साँची विश्वविद्यालय का भ्रमण     |     साईखेड़ा स्कूल की प्राचार्य के निजी खाते में शासकीय राशि पहुंचने की जांच में वित्तीय अनियमितता की पुष्टि, रिपोर्ट डीईओ को सौंपी     |     दीपावली के पहले रहवासी इलाके में अवैध रूप से भंडारित मिले एक लाख के पटाखे     |     किसानों की सुविधा के लिए मंडी प्रांगण में इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे का शुभारंभ     |     एक दर्जन गांवों को मिलेगी लो वोल्टेज की समस्या से निजात     |     गैरतगंज तहसील में खाद संकट गहराया, डीएपी की उपलब्धता शून्य     |     लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पद यात्रा रैली में रायसेन जिले से 15 हजार भाजपा कार्यकर्ता पहुंचेंगे भोपाल      |     जायसवाल निको स्टील प्लांट में श्रमिक की मौत, परिजन और ग्रामीण फैक्ट्री गेट पर धरने पर बैठे     |     संस्कृत विश्वविद्यालय रीवा परिसर के लिए पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण कार्य की उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने की समीक्षा     |     शिवपुरी नगर पालिका परिषद की बैठक हंगामेदार, कुछ मिनट में ही समाप्त     |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811