साधु-बाबा बनकर पूजा के नाम पर 15 लाख की ठगी, आरोपी गुरूदयाल सिंह उर्फ दल्लू गिरफ्तार, नाबालिग साथी भी पकड़ा
महिला को बीमारी ठीक करने का झांसा देकर सोने के जेवर ऐंठे, गंज पुलिस ने ग्वालियर से दबोचा
सुरेंद्र जैन रायपुर
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के मध्य-क्षेत्र की थाना गंज पुलिस ने साधु-बाबा बनकर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पूजा-पाठ के नाम पर 15 लाख की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी गुरूदयाल सिंह उर्फ दल्लू को ग्वालियर से गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक नाबालिग साथी भी पकड़ा गया है।
क्या है मामला?
प्रार्थी जसवंत परमार, निवासी जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स, फाफाडीह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि मार्च 2026 में तीन साधु वेशधारी उसके घर आए। उन्होंने उसकी पत्नी की बीमारी और घरेलू समस्याओं के बारे में सटीक बातें बताकर विश्वास जीता। पूजा-पाठ के नाम पर पहले सोने की अंगूठी और नकद ले गए। फिर 10-12 दिन बाद दोबारा आकर जेवर लौटाने का झांसा देकर सोने की चेन समेत कई आभूषण ले गए। किसी को बताने पर परिवार की मौत का भय दिखाकर चुप करा दिया। 7 सितंबर से और जेवरात मांगने पर महिला को ठगी का अहसास हुआ।थाना गंज में अपराध क्र. 283/2026 धारा 318(4), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज हुआ।
कैसे पकड़ाया आरोपी?
DCP मध्य-क्षेत्र तारकेश्वर पटेल, Addl. DCP विवेक शुक्ला और ACP कोतवाली दीपक मिश्रा के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक पासवान की टीम ने मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। लोकेशन ट्रेस कर टीम ने ग्वालियर में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा।पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई और अन्य साथियों के साथ मिलकर ठगी कबूल की।
गिरफ्तार आरोपी
गुरूदयाल सिंह उर्फ दल्लू पिता भरत सिंह, निवासी नूरगंज सेवा नगर, थाना किला गेट, ग्वालियर म.प्र.
1 विधि से संघर्षरत बालक
जप्त मशरूका- 17 ग्राम सोने के आभूषण और घटना में प्रयुक्त मोबाइल, कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपये।
पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य साथी फरार हैं, जिनकी पतासाजी जारी है। आरोपियों ने इसी तरह की और वारदातें की हैं या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।