सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और कुटुंब प्रबोधन का दिया संदेश, मुख्य वक्ताओं ने महापुरुषों के जीवन और विचारों पर डाला प्रकाश
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में नरखेड़ा मंडल के बेरखेड़ी में पथ संचलन का आयोजन किया गया। इसमें मंडल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गांवों के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अनुशासन और एकजुटता के साथ निकले पथ संचलन के माध्यम से सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों को पंच परिवर्तन के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने और समाज के बीच इन विचारों को पहुंचाने का संकल्प दिलाया गया।
पथ संचलन की शुरुआत राम-जानकी मंदिर, बेरखेड़ी परिसर से हुई। यहां से स्वयंसेवक निर्धारित मार्ग से होते हुए बेरखेड़ी चौराहे और भोपाल-विदिशा हाईवे-18 से गुजरे तथा शिव-पार्वती मंदिर पहुंचे। इसके बाद संचलन वापस प्रारंभिक स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान स्वयंसेवकों में उत्साह नजर आया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री विक्रम रघुवंशी तथा नरखेड़ा मंडल के खंड कार्यवाह अंशुल मौजूद रहे।

पंच परिवर्तन से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने पर जोर
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों को संघ के पंच परिवर्तन के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और कुटुंब प्रबोधन सहित पंच परिवर्तन के विभिन्न पहलुओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी सद्भाव बढ़ाने, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने और परिवारों में संस्कारों को मजबूत करने के लिए प्रत्येक स्वयंसेवक की भूमिका महत्वपूर्ण है। इन विचारों को केवल कार्यक्रमों तक सीमित रखने के बजाय दैनिक जीवन में अपनाने की आवश्यकता है।
महापुरुषों के जीवन और विचारों की दी जानकारी
वक्ताओं ने हिंदू समाज और धर्म के लिए कार्य करने वाले विभिन्न महापुरुषों के जीवन, उनके योगदान और विचारों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही सामाजिक जागरूकता, सांस्कृतिक मूल्यों और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे। वर्तमान परिस्थितियों में समाज को जागरूक रहने, आपसी एकता बनाए रखने और देश में अस्थिरता पैदा करने वाली गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने का संदेश भी दिया गया।

शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की कड़ी में आयोजन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत नरखेड़ा मंडल में पथ संचलन किया गया। आयोजन का उद्देश्य स्वयंसेवकों को पंच परिवर्तन के प्रति जागरूक करना और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करना रहा। विभिन्न गांवों से पहुंचे स्वयंसेवकों की सहभागिता के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।