पुलिस को देखते ही सीट बेल्ट लगाने लगे चालक, 3500 रुपए का समन शुल्क वसूला
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे-18 स्थित कर्क रेखा पर यातायात पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 7 वाहन चालकों के चालान बनाए गए और 3500 रुपए का समन शुल्क वसूला गया। पुलिस की चेकिंग देखकर वाहन चालकों में हड़कम मच गया। कई वाहन चालक दूर से ही पुलिस को देखकर सीट बेल्ट लगाते नजर आए।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने चारपहिया वाहनों में प्रदूषण, बीमा, फिटनेस सहित कई जरूरी दस्तावेजकी जांच की।
कार्रवाई को दूर से देखते ही कई दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों ने अपने वाहनों की गति धीमी कर ली। कुछ चालक सड़क किनारे रुककर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखते दिखाई दिए। वहीं, कई चारपहिया वाहन चालक पुलिस को देखते ही जल्दबाजी में सीट बेल्ट लगाने लगे। इससे जाहिर हुआ कि कुछ वाहन चालक अब भी यातायात नियमों का पालन करने के बजाय चालान की कार्रवाई से बचने पर अधिक ध्यान देते हैं।
सप्ताह में तीन से चार दिन हो रही चेकिंग
यातायात पुलिस द्वारा कर्क रेखा क्षेत्र में सप्ताह में तीन से चार दिन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना, सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। अभियान के दौरान सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीयन, बीमा सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
हादसों पर अंकुश लगाने नियमित कार्रवाई जरूरी
स्थानीय लोगों का कहना है कि भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर वाहनों का दबाव अधिक रहने और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए नियमित चेकिंग जरूरी है। इससे वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ सकती है। हालांकि, सड़क सुरक्षा के लिए जरूरी है कि चालक पुलिस की मौजूदगी में ही नहीं, बल्कि हर समय सीट बेल्ट सहित अन्य यातायात नियमों का पालन करें।