– पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का लिया संकल्प फलदार और छायादार पौधे लगाए
– सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत गढ़ी के शांति धाम परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधे लगाए।
आम, जामुन, शीशम और कदम सहित विभिन्न पौधे रोपे
पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान आम, जामुन, शीशम, कदम सहित अन्य प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। शांति धाम परिसर को हराभरा और सुंदर बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। लगाए गए पौधों की सुरक्षा के लिए उनके चारों ओर जालियां भी लगाई गईं, ताकि पौधों को पशुओं एवं अन्य नुकसान से बचाया जा सके।

पौधों की सुरक्षा का लिया संकल्प
पौधारोपण के उपरांत उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल, सिंचाई एवं सुरक्षा करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर ग्राम पंचायत गढ़ी के सरपंच सैयद मसूद अली पटेल, उप सरपंच बृजेश जाटव, भाजपा नेता भागचंद चौरसिया, पूर्व जनपद सदस्य खेमचंद चौरसिया, एसडीओ आरईएस नरेश ठाकरे, उपयंत्री सूरज भान सिंह, पटवारी नंदकिशोर अहिरवार, जीआरएस बृजमोहन जाटव, सैयद दाऊद अली पटेल, रवि चौरसिया, मंसूर खां मंसूरी, अब्दुल्ला कुरैशी, कमल कुशवाहा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, पौधों की सुरक्षा और स्वच्छ-हरित परिसर के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया। ग्राम पंचायत द्वारा शांति धाम परिसर में हरियाली बढ़ाने के लिए भविष्य में भी पौधारोपण एवं संरक्षण गतिविधियां जारी रखने की बात कही गई।