दीवार अंदर गिरती तो सो रहे दो भाइयों पर गिर सकता था मलबा, टला बड़ा हादसा
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत ग्राम दीवानगंज में मंगलवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब बारेलाल शाक्या के कच्चे मकान की एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि दीवार मकान के अंदर की ओर गिरने के बजाय बाहर की तरफ गिरी, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
बताया गया कि घटना के समय बारेलाल शाक्या के दो पुत्र राजेश शाक्या और छोटे शाक्या मकान के अंदर सो रहे थे। अचानक दीवार गिरने की आवाज से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थिति देखी।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि दीवार बाहर की ओर गिरने के बजाय मकान के अंदर गिरती तो सो रहे दोनों भाइयों के ऊपर मलबा गिर सकता था और बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि, हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
बारिश में बढ़ जाता है कच्चे मकानों का खतरा
क्षेत्र में इन दिनों बारिश का दौर जारी है। लगातार नमी और पानी के कारण कच्चे मकानों की दीवारों की मिट्टी बैठने लगती है और उनकी मजबूती कम हो जाती है। ऐसे में पुरानी एवं कमजोर दीवारों के अचानक गिरने का खतरा बढ़ जाता है। दीवानगंज और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी कई परिवार कच्चे मकानों में रह रहे हैं।
दीवार गिरने की घटना के बाद परिवार में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से बारिश के दौरान कच्चे और जर्जर मकानों का सर्वे कराकर जरूरतमंद परिवारों की मदद करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
कच्चे मकान की दीवार गिरने के बाद परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे जर्जर और कच्चे मकानों का सर्वे कराकर जरूरतमंद परिवारों को आवास योजना का लाभ दिलाने और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।