IG के सेवा संकल्प अभियान का असर: धरसीवा में ग्रामीणों ने स्वेच्छा से 15 धारदार हथियार पुलिस को सौंपे
सुरेंद्र जैन धरसीवां
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देश पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत रायपुर ग्रामीण पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जनजागरूकता से प्रभावित होकर धरसीवा क्षेत्र के ग्रामीणों ने स्वेच्छा से 15 चाकू, तलवार और छुरी पुलिस के हवाले कर दिए हैं।
रायपुर ग्रामीण एसपी श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा और धरसीवा एसडीओपी वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना धरसीवा पुलिस गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रही है।
पुलिस टीम सरपंचों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं से संवाद कर समझा रही है कि घर में अनावश्यक हथियार रखना मामूली विवाद को भी गंभीर अपराध में बदल सकता है। गुस्से या कहासुनी में पास में रखा हथियार बड़ी घटना का कारण बन जाता है।
पुलिस का उद्देश्य सिर्फ अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध होने से पहले ही उसे रोकना है। इसी सोच के साथ यह अभियान चलाया जा रहा है।
सरपंचों और जनप्रतिनिधियों की पहल पर ग्रामीणों ने इस अपील का समर्थन करते हुए अपने पास रखे धारदार हथियार पुलिस को सौंप दिए। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि बच्चों और युवाओं को हथियारों से दूर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।